जयपुर की सड़कों पर उतरे नन्हे ट्रैफिक वॉलिंटियर्स
जयपुर, 15 मई (हि.स.)। जयपुर यातायात पुलिस की ओर से सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए शुक्रवार को राजधानी में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान स्काउट-गाइड स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं यातायात पुलिस के साथ सड़कों पर उतरे और वाहन चालकों को नियमों की पालना का संदेश दिया।
यह अभियान 59वें महानिदेशक एवं महानिरीक्षक पुलिस सम्मेलन-2024 की सिफारिशों के तहत आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य स्कूली बच्चों को पुलिस कार्यप्रणाली से परिचित कराना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में यातायात अनुशासन के प्रति जागरूक बनाना है।
यातायात पुलिस उपायुक्त योगेश गोयल ने बनीपार्क स्थित राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड मंडल मुख्यालय में गाइड स्वयंसेवकों को संबोधित किया। उन्होंने बच्चों से यातायात के सुचारू संचालन में पुलिस का सहयोग करने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आमजन को जागरूक करने की अपील की। इस दौरान आयोजित ‘क्विक क्विज’ कार्यक्रम में बच्चों ने यातायात नियमों और पुलिस कार्यप्रणाली से जुड़े सवाल पूछे, जिनका जवाब पुलिस उपायुक्त ने रोचक अंदाज में दिया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात (दक्षिण) रानु शर्मा के नेतृत्व में यातायात शिक्षा टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों पर जागरूकता अभियान चलाया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात (दक्षिण) रानु शर्मा ने बताया कि पांच बत्ती चौराहे पर सेंट सोल्जर स्कूल, सेंट जेवियर चौराहे पर एनसीसी कैडेट्स, रोड नंबर-1 चौराहे पर एनके पब्लिक स्कूल, नर्सरी सर्किल पर टैगोर पब्लिक स्कूल, रामबाग चौराहे पर सुबोध स्कूल एंड कॉलेज तथा खातीपुरा तिराहे पर डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों ने यातायात जागरूकता अभियान में भाग लिया।
बच्चों ने पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से वाहन चालकों को स्टॉप लाइन की पालना करने, जेब्रा क्रॉसिंग पर पैदल यात्रियों को रास्ता देने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की अपील की। साथ ही सड़क सुरक्षा से संबंधित पम्पलेट और पोस्टर भी वितरित किए गए।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पूर्व) हेमन्त कुमार जाखड़ ने बताया कि इस अभियान के जरिए बच्चों को ट्रैफिक पॉइंट पर व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है, ताकि वे यातायात प्रबंधन को समझ सकें और भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

