जयपुर में मतदान केन्द्रों की सूची जारी: 9 और 11 सितंबर को होगा मतदान
जयपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर जिले में मतदान के लिए निर्धारित मतदान केन्द्रों की सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी (म्युनिसिपल) संदेश नायक ने राजस्थान नगरपालिका (निर्वाचन) नियम, 1994 के प्रावधानों के तहत नगर निगम, नगर परिषद एवं नगरपालिकाओं के लिए चयनित मतदान केन्द्रों और संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों की सूची जारी की है।
राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार जयपुर जिले में मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण में 9 सितंबर को नगर परिषद शाहपुरा और चौमूं तथा दूदू, किशनगढ़-रेनवाल, जोबनेर, बस्सी, सांभरलेक, वाटिका, चाकसू, जमवारामगढ़, फागी, नारायणा, फुलेरा, मनोहरपुर, बगरू, कानोता, खेजरोली और कालाडेरा नगरपालिकाओं में मतदान होगा। दूसरे चरण में 11 सितंबर को नगर निगम जयपुर के लिए मतदान कराया जाएगा।
प्रकाशित मतदान केन्द्रों की सूची संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों के कार्यालयों तथा नगर निगम, नगर परिषद और नगरपालिकाओं के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी। संबंधित निकायों की वेबसाइट पर भी सूची उपलब्ध रहेगी। चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूची नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी के पृथक आदेश के अनुसार निर्विरोध निर्वाचन वाले केन्द्रों को छोड़कर शेष मतदान केन्द्रों का राजस्थान नगरपालिका (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 76 के तहत अधिग्रहण किया गया है। यह अधिग्रहण संबंधित निकाय में निर्धारित मतदान तिथि से एक दिन पहले से मतदान समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा।
संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों, विभागाध्यक्षों और संस्था प्रधानों को अधिग्रहित मतदान केन्द्र परिसर रिटर्निंग अधिकारी और मतदान दल अधिकारियों को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने सभी विभागों और संबंधित संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ मतदान केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

