खारिया खंगार से शुरू हुआ चूना पत्थर का नया रेल यातायात

WhatsApp Channel Join Now
खारिया खंगार से शुरू हुआ चूना पत्थर का नया रेल यातायात


जोधपुर, 22 सितम्बर (हि.स.)। माल यातायात बढ़ाने की दिशा में जोधपुर मंडल को एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। खारिया खंगार स्टेशन से मंगलम सीमेंट लिमिटेड, कोटा के लिए चूना पत्थर के नए रेल यातायात की शुरुआत हुई है। 21 सितंबर की रात पहली मालगाड़ी की लोडिंग शुरू की गई। खारिया खंगार से कोटा तक 539 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली प्रत्येक रेक से रेलवे को करीब 41.35 लाख रुपए की आय होने का अनुमान है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि मंडल में नए माल यातायात को रेल नेटवर्क से जोडऩे के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खारिया खंगार से चूना पत्थर के नए यातायात की शुरुआत इसी प्रयास का परिणाम है। इससे मंडल के माल परिवहन के साथ राजस्व को भी मजबूती मिलेगी।

पार्टी से मिली जानकारी के अनुसार चालू माह में दो और रेक की लोडिंग प्रस्तावित है। इसके बाद हर माह 8 से 10 रेक लोड किए जाने का अनुमान है। इस नियमित यातायात से रेलवे को करीब 4.13 करोड़ रुपए की मासिक आय मिलने की संभावना है। खारिया खंगार से शुरू हुआ यह नया यातायात मंडल के माल परिवहन में महत्वपूर्ण जुड़ाव है। चूना पत्थर जैसी बड़ी मात्रा में ढोई जाने वाली सामग्री के रेल परिवहन से रेलवे को नियमित माल यातायात मिलने की उम्मीद है। वहीं मंगलम सीमेंट को लंबी दूरी तक बड़ी मात्रा में कच्चा माल रेल मार्ग से मंगाने की सुविधा मिलेगी।

नए माल ग्राहकों को जोडऩे के निरन्तर प्रयास

सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार मंडल प्रशासन की ओर से नए माल ग्राहकों को रेल परिवहन से जोडऩे और मौजूदा माल यातायात बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खारिया खंगार से शुरू हुआ चूना पत्थर का यह यातायात इसी दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है,जिससे आने वाले समय में मंडल के माल राजस्व को और बढ़ावा मिलने की संभावना है जिससे मंडल भारतीय रेलवे की आय में और वृद्धि होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story