जयपुर सहित चार शहरों में हल्की से मध्यम बारिश, 10 बीकानेर संभाग का बदलेगा मौसम
जयपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश के अधिकांश शहरों के पारे में आया उछाल जयपुर। प्रदेश में पश्चिम विक्षोभ का असर खत्म हो चुका है, लेकिन गुरुवार को जयपुर सहित चार शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। गुुरुवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई तो वहीं रात के पारे में गिरावट दर्ज की गई। एक कमजोर विक्षोभ के प्रभाव से 10-11 अप्रेल को बीकानेर संभाग के क्षेत्र में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को जयपुर, टोंक और अजमेर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। बुधवार को पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से राज्य में कही कही हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक बारिश डीग (भरतपुर) में 21.0 मिलीमीटर दर्ज की गई। विक्षोभ के असर से राज्य में तापमान भी सामान्य से नीचे दर्ज किए गए। 37.5 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 23.4 डिग्री के साथ चित्तौडग़ढ़ की रात सबसे गर्म रही।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि एक कमजोर विक्षोभ के प्रभाव से 10-11 अप्रैल को बीकानेर संभाग के क्षेत्र में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। राज्य में आगामी 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। जयपुर में हल्की बारिश, पारा चढ़ा जयपुर में गुरुवार अलसुबह सांगानेर व उसके आस-पास हल्की बारिश या बूंदाबांदी दर्ज की गई। हालांकि जयपुर में दिनभर तेज धूप खिली और शाम को छितराए काले घने बादल नजर आए। इस दौरान दिन में हल्की हवाएं भी चली। तेज धूप के चलते जयपुर के तापमान में उछाल दर्ज किया गया। जयपुर के दिन के तापमान में 2.2 और रात के तापमान में 1.2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। जयपुर का अधिकतम तापमान 30.8 और न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री दर्ज किया गया। गुरुवार को दिन का यह तापमान सामान्य से 5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

