जैसलमेर में उठा धूल का बवंडर, बारिश के साथ ओलावृष्टि

WhatsApp Channel Join Now
जैसलमेर में उठा धूल का बवंडर, बारिश के साथ ओलावृष्टि


जयपुर, 31 मई (हि.स.)। जयपुर। पश्चिम विक्षोभ के चलते प्रदेश का मौसम बदला हुआ है। प्रदेश में लगातार आंधी-बारिश का दौर बना हुआ है। इससे रविवार को प्रदेश के तापमान में पांच डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को जैसलमेर में रेत का बवंडर उठा और दिन में ही अंधेरा हो गया। आसमान में दूसर का धूल का गुबार दूर से दिखाई दिया। धूल का गुबार धीरे-धीरे आगे बढ़ा। नाचना, सुल्ताना एवं मोहनगढ़ क्षेत्र में अंधड़ से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। नाचना में ओलावृष्टि हुई। इसके अलावा उदयपुर, संगरिया सहित कुछ अन्य शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को जैसलमेर में भारत-पाक बॉर्डर से लगते रामगढ़ में रेत का बवंडर आया। कस्बे में आई काली पीली आंधी से अंधेरा छा गया। आंधी के साथ ही बिजली गुल हो गई। बाड़मेर और जैसलमेर को छोड़कर बाकी शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 42 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 29.8 डिग्री के साथ जैसलमेर की रात सबसे गर्म रही।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि शनिवार को राज्य के पूर्वी भाग में अनेक स्थानों और पश्चिमी भाग में कही कही पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक बारिश शाहपुरा (शाहपुरा-कोटपुतली) में 55.0 मिलीमीटर दर्ज की गई। रविवार को राज्य में कहीं-कहीं पर मेघगर्जन,धुलभरी आंधी एवं कहीं-कहीं पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सिरोही में दर्ज किया गया। दोपहर बाद आंधी बारिश की गतिविधियां राज्य के कुछ भागों में आगामी 4-5 दिन जारी रहने की संभावना है। आंधी बारिश के प्रभाव से आगामी दिनों में अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री से नीचे रहने तथा हीटवेव से राहत बने रहने की प्रबल संभावना है।

जयपुर में छाए रहे छितराए बादल, हवाएं चली, पारा गिरा

जयपुर में सुबह काले घने बादल नजर आए तो इसे बाद दिन भर छितराए बादल नजर आए। दिनभर हकी से मध्यम गति की हवाएं चली। इससे जयपुर के पारे में 1.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 35.6 और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story