राजस्थान के 13 जिलों में हल्की बरसात के आसार, 19 से फिर सक्रिय हो सकता है मानसून

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान के 13 जिलों में हल्की बरसात के आसार, 19 से फिर सक्रिय हो सकता है मानसून


राजस्थान के 13 जिलों में हल्की बरसात के आसार, 19 से फिर सक्रिय हो सकता है मानसून


जयपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग सहित 13 जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 19 जुलाई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद मानसून फिर से गति पकड़ सकता है।

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक बारिश अलवर और कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में करीब आधा इंच मापी गई। बुधवार शाम श्रीगंगानगर में भी हल्की बारिश हुई। वहीं गर्मी और उमस का असर बना रहा। श्रीगंगानगर 40.1 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि जैसलमेर में 39 डिग्री और बीकानेर में 38.8 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया।

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में मानसून के लंबे ब्रेक का असर अब खेती पर भी दिखाई देने लगा है। प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 13 प्रतिशत कम बारिश हुई है। लगातार कम बारिश के कारण खरीफ की फसलें, विशेषकर मोटे अनाज और दलहनी फसलें सूखने लगी हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

भारतीय मौसम विभाग की सैटेलाइट तस्वीरों में भी पिछले कई दिनों से राजस्थान के ऊपर बादलों की कमी दिखाई दे रही है। लगभग 10 जुलाई से प्रदेश में यही स्थिति बनी हुई है, जिसके कारण अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ गई हैं।

मौसम विभाग ने गुरुवार को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, अलवर, डीग, भरतपुर, धौलपुर, करौली और दौसा जिलों में हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। विभाग का कहना है कि 19 जुलाई से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव आने और प्रदेश में बारिश की गतिविधियां फिर तेज होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story