पश्चिम में थमेगी, पूर्वी राजस्थान में जारी रहेगी हल्की बारिश

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिम में थमेगी, पूर्वी राजस्थान में जारी रहेगी हल्की बारिश


जयपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में तेज बारिश की गतिविधियां कमजोर पडऩे लगी है। आगामी समय में पश्चिम राजस्थान में बारिश थम जाएगी तो वहीं पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। गुरुवार को 16 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश भीलवाड़ा के बनेड़ा में 50 मिमी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार कोटा, चित्तौडग़ढ़, उदयपुर,बाड़मेर, जैसलमेर, चूरू, डूंगरपुर, जालोर, बांसवाड़ा, भीलवाड़ा, जोधपुर, प्रतापगढ़, राजसमंद, सिरोही और करौली सहित अन्य स्थानों पर बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि गुरुवार को भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, व जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। 14 अगस्त से जोधपुर, उदयपुर व अजमेर संभाग के अधिकांश भागों से बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिलेगी। हालांकि, बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। 15 अगस्त से राज्य के उत्तरी व उत्तर-पूर्वी भागों को छोड़कर अधिकांश भागों से बारिश की गतिविधियों में कमी होने की प्रबल संभावना है।

जयपुर में गुरुवार को दिनभर छितराए बादल छाए रहे। बादलों के बीच से तेज धूप भी खिली। इससे जयपुर के दिन के पारे में एक डिग्री से ज्यादा का उछाल देखा गया तो वहीं रात के पारे में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 34.4 और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story