कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाकर बोले दिलावर—नाराजगी हो तो मुझे पत्थर मार देना, वोट कमल के फूल पर देना

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाकर बोले दिलावर—नाराजगी हो तो मुझे पत्थर मार देना, वोट कमल के फूल पर देना


कोटा, 28 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शिक्षा मंत्री मदन दिलावर इन दिनों रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा कर ग्रामीणों से संवाद कर रहे हैं। सोमवार को पदयात्रा ग्राम पंचायत असक कली से शुरू हुई और विभिन्न गांवों से होते हुए चौसला पहुंची। इस दौरान दिलावर ने ग्रामीणों से संवाद करने के साथ गांव में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और कर्मचारियों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

पदयात्रा के दौरान मंत्री दिलावर गांव की गलियों में सफाई कर रहे कर्मचारियों के पास पहुंचे और उनसे वेतन भुगतान तथा सफाई व्यवस्था के लिए लगाए गए कर्मचारियों की संख्या सहित विभिन्न जानकारी ली। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारी अजीत सिंह से भी कर्मचारियों के वेतन भुगतान की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। गांव में जगह-जगह गंदगी दिखाई देने पर दिलावर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे सफाई व्यवस्था से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने खंड विकास अधिकारी समय सिंह मीणा को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

इसके बाद चौसला गांव में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए दिलावर ने कांग्रेस की पिछली सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की तत्कालीन सरकार कश्मीर के आतंकवादियों को पेंशन देती थी। अपने आरोप को लेकर उन्होंने कांग्रेस नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनका आरोप गलत है तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाए और उन्हें जेल भेजा जाए।

अपने संबोधन में दिलावर ने कांग्रेस के खिलाफ तीखी राजनीतिक अपील भी की। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि कांग्रेस को वोट नहीं देना। उन्होंने कहा कि “मदन दिलावर से कोई नाराजगी हो तो मदन दिलावर को पत्थर मार देना, लेकिन वोट कमल के फूल पर ही देना।” उन्होंने कहा कि कमल के फूल पर दिया गया वोट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाएगा और इससे देश मजबूत होगा तथा राष्ट्रभक्त सरकार बनेगी।

दिलावर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने ऐसी मशीन बना ली है कि एक तरफ से आलू डालने पर दूसरी तरफ से सोना निकलता है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर भी टिप्पणी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story