पहले कुत्ते का किया शिकार, फिर होटल की छत पर सो रहे कर्मचारी के पास पहुंचा लेपर्ड, सूझबूझ से बची जान

WhatsApp Channel Join Now
पहले कुत्ते का किया शिकार, फिर होटल की छत पर सो रहे कर्मचारी के पास पहुंचा लेपर्ड, सूझबूझ से बची जान


सिरोही, 01 जुलाई (हि.स.)। माउंट आबू के कुमारवाड़ा स्थित एक होटल में लेपर्ड के घुसने से सनसनी फैल गई। 29 जून की रात करीब एक बजे लेपर्ड होटल की छत पर पहुंचा और वहां चेन से बंधे कुत्ते का शिकार कर लिया। इसके बाद वह पास में सो रहे होटल कर्मचारी की ओर बढ़ा। युवक ने घबराने के बजाय सूझबूझ दिखाते हुए बिना कोई हरकत किए आंखें बंद कर लीं, जिससे उसकी जान बच गई। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार लेपर्ड पहले छत पर सो रहे 25 वर्षीय कर्मचारी बालू के पास बंधे कुत्ते पर झपटा और उसे मार डाला। चेन से बंधा होने के कारण वह कुत्ते को अपने साथ नहीं ले जा सका। इसके बाद लेपर्ड कर्मचारी के बिस्तर तक पहुंच गया।

इसी दौरान बालू की अचानक आंख खुल गई। उसने सामने लेपर्ड को अपनी ओर आते देखा, लेकिन घबराने के बजाय कोई हलचल नहीं की और दोबारा आंखें बंद कर चुपचाप लेटा रहा। लेपर्ड करीब तीन से चार सेकंड तक उसके बिस्तर के सामने खड़ा रहा और फिर वापस लौट गया।

कुछ देर बाद युवक ने दोबारा देखा कि लेपर्ड जा चुका है।

होटल संचालक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के बाद कर्मचारी बालू बुरी तरह सहम गया था। अगले दिन सुबह उसने गांव जाने की बात कहकर नौकरी छोड़ दी। उन्होंने बताया कि बालू करीब दो महीने पहले ही होटल में काम करने आया था। यदि उसने घबराकर कोई हरकत की होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

वन विभाग के अनुसार माउंट आबू क्षेत्र में 60 से अधिक लेपर्ड और 250 से ज्यादा भालू होने का अनुमान है। क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। विभाग ने लोगों से वन क्षेत्रों में बिना अनुमति प्रवेश नहीं करने और वन्यजीव दिखाई देने पर उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story