उदयपुर में किसान को 500 मीटर घसीट ले गया लेपर्ड

WhatsApp Channel Join Now
उदयपुर में किसान को 500 मीटर घसीट ले गया लेपर्ड


उदयपुर में किसान को 500 मीटर घसीट ले गया लेपर्ड


उदयपुर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। उदयपुर शहर से सटे ग्रामीण क्षेत्र में शुक्रवार रात लेपर्ड के हमले में एक किसान की मौत हो गई। बड़ी पंचायत के ऊपली बड़ी गांव में हुई इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। लेपर्ड किसान को कुएं के पास से घसीटते हुए करीब 500 मीटर दूर खेत में ले गया, जहां शनिवार सुबह उसका शव मिला।

घटना सज्जनगढ़ वन्यजीव अभयारण्य के समीप स्थित कृषि क्षेत्र की है। मृतक की पहचान बाबूलाल (42) पुत्र रूपलाल गमेती के रूप में हुई है। वह शुक्रवार रात गेहूं की फसल में पानी देने के बाद कुएं के पास बने एक कमरे की छत पर सो गया था। देर रात लेपर्ड छत पर पहुंचा और उस पर हमला कर दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, लेपर्ड बाबूलाल को दबोचकर छत से नीचे लाया और घसीटते हुए खेत की ओर ले गया। शनिवार सुबह गांव के थावरचंद पानी की मोटर चलाने कुएं पर पहुंचे तो उन्हें वहां खून फैला दिखाई दिया। प्रारंभ में उन्हें किसी हत्या की आशंका हुई। उन्होंने खून के निशानों का पीछा किया तो करीब 500 मीटर दूर खेत में बाबूलाल का शव पड़ा मिला। कुएं के पास उसके कपड़े भी मिले।

सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। वार्ड पंच अजय सिंह देवड़ा ने बताया कि शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में था। शरीर के कई हिस्सों को वन्यजीव ने नुकसान पहुंचाया था और एक पैर अलग पड़ा मिला। ग्रामीणों ने घटना को बेहद भयावह बताते हुए वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया।

ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में लेपर्ड की गतिविधियों की जानकारी पूर्व में भी दी गई थी, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

सूचना पर वन विभाग की टीम और बड़गांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सज्जनगढ़ सेंचुरी से रेंजर सीताराम मीणा तथा उदयपुर पूर्व क्षेत्र से रेंजर तेजसिंह राणावत ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए उदयपुर स्थित एमबी अस्पताल भिजवाया।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने गश्त बढ़ाने और आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि लेपर्ड को पकड़ने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story