लेपर्ड ने तीन ग्रामीणों पर किया हमला, पलंग पर लिटाकर नीचे सड़क तक लाया गया

WhatsApp Channel Join Now
लेपर्ड ने तीन ग्रामीणों पर किया हमला, पलंग पर लिटाकर नीचे सड़क तक लाया गया


उदयपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। उदयपुर के उमरड़ा खेड़ा गांव में बुधवार सुबह लेपर्ड ने तीन ग्रामीणों पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव के आस-पास लेपर्ड का मूवमेंट पिछले कई दिनों से देखा जा रहा है। बुधवार सुबह करीब छह बजे लेपर्ड ने जग्गा (60), रितेश (20) और कालू (40) पर घात लगाकर हमला किया। ग्रामीणों के अनुसार, लेपर्ड ने करीब चार-पांच मिनट तक उनमें से तीनों पर बार-बार पंजों से वार किए। हमले में जग्गा के सिर और आंख के पास गंभीर चोटें आई हैं।

घायलों को आसपास के पहाड़ी इलाके से पलंग पर लिटाकर नीचे सड़क तक लाया गया, क्योंकि वाहन पहाड़ी रास्ते तक नहीं पहुँच पाते थे। फिर उन्हें नजदीकी प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाकर प्राथमिक चिकित्सा दी गई, उसके बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उदयपुर के महाराणा भूपाल हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया।

पिछले दिन मंगलवार की शाम भी उसी गांव में लेपर्ड ने एक अन्य ग्रामीण लोगर लाल मीणा (45) पर हमला किया था। लोगों ने बताया कि आसपास के गांवों में प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा नहीं है, और नजदीकी प्राइवेट हॉस्पिटल लगभग 5 किमी दूर है।

वन विभाग ने ग्रामीणों को सजग रहने और लेपर्ड के मूवमेंट पर नजर रखने के लिए सतर्क किया है। हमले की सूचना मिलने के बाद गिर्वा तहसीलदार गणेश कुमार विजयवर्गीय और पटवारी महेंद्र सिंह चौहान भी अस्पताल पहुंच कर घायलों से हालात का जायजा लिया।

ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर व्यापक सतर्कता की आवश्यकता है ताकि इस प्रकार के हमलों को रोका जा सके और लोगों की जान बचाई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story