बीकानेर के न्यायिक अधिकारियों ने स्कूलों में शुरू किया साइबर सुरक्षा का 'महा-अभियान'
बीकानेर, 11 अप्रैल (हि.स.)। बीकानेर जिले में स्कूली बच्चों को डिजिटल खतरों से बचाने के लिए शनिवार को एक विशेष जागरूकता अभियान का आगाज किया गया।
जिला एवं सेशन न्यायाधीश अश्विनी विज व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के नेतृत्व में बीकानेर जिले व समस्त तालुकाओं के सभी न्यायिक अधिकारियों ने विभिन्न स्कूलों में जाकर ‘क्लिक करने से पहले सोचो : ऑनलाइन सुरक्षित रहो, इंटरनेट सब याद रखता है’ विषय पर कार्यशालाएँ आयोजित की।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अतिरिक्त जिला एवं सेशन न्यायाधीश मांडवी राजवी ने श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल गढ़सीसर बीकानेर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया! उन्होंने विद्यार्थियों को चेताया कि बढते साइबर अपराधों से बचने का एकमात्र तरीका 'सतर्कता' है। बीकानेर मुख्यालय व तालुका में 51 स्कूलों में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया!
प्रदेश स्तर पर शुरू की गई इस अनूठी पहल के तहत स्कूलों में एक बॉक्स रखा गया है, जिसमें बच्चे अपनी समस्याएँ, छेड़छाड़ या साइबर बुलिंग से जुड़ी शिकायतें बिना डरे लिखकर डाल सकें। इन शिकायतों का जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा सीधे समाधान किया जाएगा।
राल्सा द्वारा एक विशेष साइबर यूनिट का गठन किया गया है। विद्यार्थी या उनके अभिभावक किसी भी साइबर अपराध की शिकायत हेल्पलाइन नंबर: 15100 / 1930 / 1098 नंबरों पर कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

