सांसद राजकुमार रोत ने वैंजा में विद्यालय भवन और सड़क का किया शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now
सांसद राजकुमार रोत ने वैंजा में विद्यालय भवन और सड़क का किया शिलान्यास


सांसद राजकुमार रोत ने वैंजा में विद्यालय भवन और सड़क का किया शिलान्यास


डूंगरपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। चौरासी विधानसभा क्षेत्र के झौथरी ब्लॉक की ग्राम पंचायत वैंजा में गुरुवार को दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शिलान्यास हुआ। डूंगरपुर-बांसवाड़ा सांसद राजकुमार रोत ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वैंजा के नवनिर्मित भवन तथा लाडसोर मुख्य मार्ग से वैंजा श्मशान घाट तक बनने वाली डामर सड़क की आधारशिला रखी। कार्यक्रम की अध्यक्षता चौरासी विधायक अनिल कुमार कटारा ने की, जबकि झौथरी निवर्तमान प्रधान अनीता रोत विशिष्ट अतिथि रहीं।

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद रोत ने कहा कि शिक्षा समाज और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं के विकास और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लाडसोर मुख्य मार्ग से श्मशान घाट तक डामर सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी और उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी।

विधायक अनिल कुमार कटारा ने कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप क्षेत्र का विकास करना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में भारत आदिवासी पार्टी की राष्ट्रीय सदस्य मंजुला रोत, पोपट खोखरिया, लालकृष्ण सरपोटा, तारा सरपोटा, बापूलाल डामोर, अरविंद रोत, लालशंकर अहारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यालय परिवार, शिक्षक एवं अभिभावक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रशासक साइना देवी ने व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story