जयपुर में जमे लावणी के रंग: श्रद्धा कपूर और रणदीप हुड्डा ने किया फिल्म ‘ईठा’ का प्रमोशन

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में जमे लावणी के रंग: श्रद्धा कपूर और रणदीप हुड्डा ने किया फिल्म ‘ईठा’ का प्रमोशन


जयपुर में जमे लावणी के रंग: श्रद्धा कपूर और रणदीप हुड्डा ने किया फिल्म ‘ईठा’ का प्रमोशन


जयपुर में जमे लावणी के रंग: श्रद्धा कपूर और रणदीप हुड्डा ने किया फिल्म ‘ईठा’ का प्रमोशन


जयपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र की पारंपरिक लावणी कला के रंग गुरुवार को गुलाबी नगरी में देखने को मिले। आगामी फिल्म ‘ईठा’ के प्रचार के सिलसिले में अभिनेत्री श्रद्धा कपूर और अभिनेता रणदीप हुड्डा जयपुर के प्रसिद्ध राज मंदिर सिनेमा पहुंचे। यहां दोनों कलाकारों ने मीडिया से बातचीत कर फिल्म से जुड़े अनुभव साझा किए। इस दौरान श्रद्धा कपूर ने जयपुर की डांसर्स के साथ लावणी की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को खास बना दिया। दोनों कलाकारों ने फिल्म के गाने का पोस्टर भी जारी किया।

जयपुर से अपने जुड़ाव के बारे में श्रद्धा कपूर ने कहा कि यह शहर उनके लिए हमेशा खास और भाग्यशाली रहा है। उन्होंने यहां जिन फिल्मों का प्रचार किया, उन्हें दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। श्रद्धा ने कहा कि ‘ईठा’ उनके लिए बेहद खास फिल्म है और इसकी कहानी दर्शकों को जरूर देखनी चाहिए। फिल्म में लावणी को खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया है। इस पारंपरिक नृत्य को सीखने और उसकी बारीकियों को समझने के लिए उन्होंने काफी समय तक अभ्यास किया।

अभिनेता रणदीप हुड्डा ने भी जयपुर में प्रशंसकों से मिले प्यार और उत्साह पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि दर्शकों का अपनापन और फिल्मों के प्रति उनका उत्साह कलाकारों के लिए हमेशा खास होता है। जयपुर में मिला प्यार फिल्म के प्रचार के अनुभव को यादगार बना गया। ‘ईठा’ महाराष्ट्र की प्रसिद्ध तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित जीवनीपरक संगीतमय फिल्म है। इसमें श्रद्धा कपूर विठाबाई की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म में उनके करीब चार दशक के सफर को दिखाया गया है। इसमें प्रेम, विश्वासघात, संघर्ष और निजी चुनौतियों के बीच अपनी पहचान बनाने की उनकी कहानी को पर्दे पर उतारा गया है। विठाबाई ने कम उम्र में मंच पर प्रस्तुतियां देना शुरू किया था और आगे चलकर महाराष्ट्र की लोकनाट्य परंपरा में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। इसमें श्रद्धा कपूर और रणदीप हुड्डा के अलावा मोहम्मद जीशान अय्यूब, सिद्धार्थ जाधव, इश्तियाक खान और अनंत जोशी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशंस के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता दिनेश विजान और लक्ष्मण उतेकर हैं। फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story