एयू जयपुर मैराथन 2027 का आगाज: राज्यपाल ने किया रजिस्ट्रेशन पोस्टर का विमोचन

WhatsApp Channel Join Now
एयू जयपुर मैराथन 2027 का आगाज: राज्यपाल ने किया रजिस्ट्रेशन पोस्टर का विमोचन


जयपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने शुक्रवार को संस्कृति युवा संस्था एवं वर्ल्ड ट्रेड पार्क द्वारा एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के सहयोग से आयोजित एयू जयपुर मैराथन-2027 के रजिस्ट्रेशन पोस्टर का विमोचन किया। आयोजन का 18वां संस्करण 14 फरवरी 2027 (वैलेंटाइन डे) को आयोजित होगा, जबकि इसके लिए रजिस्ट्रेशन की शुरुआत 2 अगस्त (फ्रेंडशिप डे) से होगी।

संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष एवं एयू जयपुर मैराथन के मुख्य आयोजक पंडित सुरेश मिश्रा ने बताया कि इस बार मैराथन का अभियान मित्रता, फिटनेस और स्वस्थ जीवन के संदेश पर आधारित रहेगा। उन्होंने कहा कि फ्रेंडशिप डे पर दोस्तों के साथ दौड़ने की शुरुआत होगी और वैलेंटाइन डे पर स्वस्थ जीवन, अपनत्व और साथ मिलकर आगे बढ़ने का उत्सव मनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि एयू जयपुर मैराथन एआईएमएस (इंटरनेशनल मैराथन एंड डिस्टेंस रेस एसोसिएशन) से प्रमाणित है तथा वर्ल्ड मैराथन मेजर्स के लिए क्वालिफायर भी है। पिछले 17 वर्षों में यह आयोजन लाखों धावकों को एक मंच पर लाकर भारत की रनिंग संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा चुका है।

एयू जयपुर मैराथन के सीईओ एवं इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इवेंट मैनेजमेंट के एमडी मुकेश मिश्रा ने बताया कि 2 अगस्त को जयपुर रनर्स क्लब द्वारा कूकस स्थित नेचुरल पर्ल फार्म स्टे में आयोजित त्रिमूर्ति मानसून रन के दौरान मैराथन-2027 के रजिस्ट्रेशन का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। इस आयोजन में एक हजार से अधिक रनर्स भाग लेकर अभियान की शुरुआत करेंगे।

पहले चरण में केवल फुल मैराथन (42.195 किमी) और हाफ मैराथन (21.097 किमी) के लिए पंजीकरण खोले जाएंगे। हाफ मैराथन के लिए 7,500 और फुल मैराथन के लिए 2,500 सीटें निर्धारित की गई हैं।

आयोजकों के अनुसार 14 फरवरी 2027 को जयपुर में देश-विदेश के हजारों धावक एक साथ दौड़ेंगे। दौड़ते कदमों का उत्सव थीम के साथ आयोजित होने वाला यह संस्करण स्वास्थ्य, मित्रता, एकता और मानवीय मूल्यों का संदेश देगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story