प्राकृतिक गैस की आपूर्ति के लिए बीकानेर में घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस परियोजना का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
प्राकृतिक गैस की आपूर्ति के लिए बीकानेर में घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस परियोजना का शुभारंभ


बीकानेर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। शहर में स्वच्छ, सुविधाजनक और आधुनिक ऊर्जा व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस परियोजना का शुभारंभ बीकानेर के रथखाना क्षेत्र से किया गया। परियोजना का शुभारंभ प्रदेश प्रवक्ता एवं महापौर प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र सिंह ने किया।

घरेलू पीएनजी गैस परियोजना के माध्यम से घरों तक पाइपलाइन द्वारा प्राकृतिक गैस की आपूर्ति की जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को रसोई में गैस की सुविधाजनक आपूर्ति के साथ सिलेंडर बुकिंग, डिलीवरी का इंतजार करने, भंडारण और सिलेंडर बदलने जैसी परेशानियों से राहत मिलेगी। पीएनजी यानी पाइप्ड नेचुरल गैस प्राकृतिक गैस है, जिसकी आपूर्ति पाइपलाइन के माध्यम से सीधे घरों तक की जाती है। इसमें मुख्यतः मीथेन होती है। पारंपरिक ठोस ईंधनों की तुलना में प्राकृतिक गैस का उपयोग स्थानीय वायु प्रदूषण को कम करने में सहायक हो सकता है। इस प्रकार, पीएनजी का विस्तार आधुनिक घरेलू सुविधाओं के साथ स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र सिंह ने परियोजना को बीकानेर के लिए सौभाग्य की बात बताते हुए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।

गैसोनेट के ग्रुप सीईओ ब्रजेश सिंह ने बताया कि पीएनजी कनेक्शन का सबसे बड़ा लाभ इसकी सुविधाजनक आपूर्ति व्यवस्था है। उपभोक्ताओं को बार-बार गैस सिलेंडर बुक करने, उसकी डिलीवरी का इंतजार करने और सिलेंडर बदलने की जरूरत नहीं होगी। पाइपलाइन के माध्यम से घर तक गैस की आपूर्ति होने से रसोई का काम आसान होगा और उपभोक्ता मीटर में दर्ज खपत के अनुसार भुगतान कर सकेंगे। इससे घरेलू ऊर्जा व्यवस्था अधिक सुविधाजनक और आधुनिक बनेगी।

इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह भाटी, गैसोनेट के ग्रुप सीईओ ब्रजेश सिंह, संस्थापक बी.एस. नेगी, बुधाराम सियाग, संस्कार प्रोजेक्ट से नरेंद्र तिवारी, सुरेंद्र सिंह एवं संदीप तिवारी , रथखाना क्षेत्र से महेश केशवानी, सतीश जी, बाबू, दौलत जी, धीरज झाम्ब, दुर्गेश सचदेवा, गुलाब चंद जी, जगदीश खत्री, कांतिलाल खत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

बीकानेर में घरेलू पीएनजी गैस परियोजना का विस्तार नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने, आधुनिक ऊर्जा अवसंरचना विकसित करने और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल शहरवासियों को सुविधाजनक ऊर्जा विकल्प उपलब्ध कराने के साथ-साथ देश की दीर्घकालीन ऊर्जा सुरक्षा के व्यापक उद्देश्य से भी जुड़ी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765654 Articles

Share this story