डूंगरपुर नगर परिषद चुनाव प्रचार के अंतिम दिन दिखा सियासी उत्साह

WhatsApp Channel Join Now
डूंगरपुर नगर परिषद चुनाव प्रचार के अंतिम दिन दिखा सियासी उत्साह


डूंगरपुर नगर परिषद चुनाव प्रचार के अंतिम दिन दिखा सियासी उत्साह


डूंगरपुर नगर परिषद चुनाव प्रचार के अंतिम दिन दिखा सियासी उत्साह


डूंगरपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। नगर परिषद चुनावों के रण में प्रचार के अंतिम दिन सोमवार को सियासी पारा चरम पर पहुंच गया। शाम को प्रचार का शोर थमने से ठीक पहले कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी दोनों ही प्रमुख दलों ने शहर में अपनी पूरी ताकत झोंकते हुए विशाल रैलियों और शक्ति प्रदर्शन के जरिए जीत के बड़े-बड़े दावे किए। वहीं, भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) और निर्दलीय प्रत्याशियों ने डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर मतदाताओं को अपने पक्ष में साधने की अंतिम कोशिश की। शहर की नगर परिषद सीट के लिए आगामी 9 सितंबर को वोट डाले जाएंगे।

- कांग्रेस का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से शक्ति प्रदर्शन, बाइक रैली में उमड़े युवा

कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रचार के अंतिम दिन शहर में एक विशाल बाइक रैली का आयोजन कर ज़ोरदार शक्ति प्रदर्शन किया गया। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से शुरू हुई इस वाहन रैली की कमान कांग्रेस जिलाध्यक्ष व क्षेत्रीय विधायक गणेश घोगरा ने खुद बाइक पर सवार होकर संभाली। रैली में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और समर्थक हाथों में पार्टी के झंडे और बैनर थामे नारेबाजी करते नजर आए। यह रैली शहर के सभी प्रमुख मार्गों और चौराहों से होकर गुजरी, जहां स्थानीय नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा जगह-जगह रैली का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान कांग्रेस से सभापति पद के प्रत्याशी भरत नागदा समेत पार्टी के कई पार्षद प्रत्याशी और वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

शहर में बदलाव की लहर, बनेगा कांग्रेस का बोर्ड : भरत नागदा

पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष एवं कांग्रेस के सभापति प्रत्याशी भरत नागदा ने इस ऐतिहासिक समर्थन के लिए शहर की जनता और विशेष रूप से युवाओं का आभार जताया। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि रैली में उमड़े इस जनसैलाब से साफ है कि डूंगरपुर शहर में इस बार बदलाव की स्पष्ट लहर चल रही है। जनता ने वर्तमान व्यवस्था से ऊबकर इस बार नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनाने का पूरा मन बना लिया है।

भाजपा के रोड शो में पहुंचीं रामायण की दीपिका चिखलिया, गेपसागर की पाल पर थमा डीजे

दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी ने भी चुनाव प्रचार के आखिरी घंटों में माहौल को अपने पक्ष में करने के लिए एक बड़ा रोड शो निकाला। भाजपा के इस रोड शो का मुख्य आकर्षण दूरदर्शन के प्रसिद्ध धारावाहिक 'रामायण' में माता सीता का किरदार निभाने वाली मशहूर अभिनेत्री दीपिका चिखलिया रहीं। दीपिका चिखलिया ने एक खुली जीप में सवार होकर शहरवासियों का अभिवादन किया और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में वोट देने की अपील की। इस दौरान जीप में उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल और स्वच्छता के ब्रांड एम्बेसडर केके गुप्ता भी मौजूद थे। वहीं, एक अन्य वाहन में भाजपा की सभापति प्रत्याशी सुशीला गुप्ता और विभिन्न वार्डों के पार्षद प्रत्याशी जनता से आशीर्वाद मांगते नजर आए। भाजपा का यह रोड शो पार्टी कार्यालय से शुरू होकर शहर के पारंपरिक और पुराने इलाकों से गुजरता हुआ आगे बढ़ा। हालांकि, जब रैली प्रसिद्ध गेपसागर की पाल पर पहुंची, तब चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित प्रचार समय की सीमा समाप्त हो गई, जिसके चलते मौके पर ही डीजे और लाउडस्पीकर बंद करने पड़े। इसके पश्चात रैली शांतिपूर्वक वापस भाजपा कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।

बीएपी और निर्दलीयों का घर-घर जाकर अंतिम संपर्क

बड़े दलों के तामझाम और रैलियों के बीच भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) तथा निर्दलीय उम्मीदवारों ने बिना किसी शोर-शराबे के सीधे मतदाताओं से जुड़ने की रणनीति अपनाई। इन प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी टीमों के साथ वार्डों में घर-घर जाकर (डोर-टू-डोर) व्यक्तिगत संपर्क साधा और स्थानीय मुद्दों के आधार पर वोट मांगे। सोमवार शाम को चुनाव प्रचार का शोर औपचारिक रूप से थमने के बाद अब सभी प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला 9 सितंबर को होने वाले मतदान में मतदाता करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story