लालकोठी सब्जी मंडी में निगम के सतर्कता दस्ते की अधूरी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
लालकोठी सब्जी मंडी में निगम के सतर्कता दस्ते की अधूरी कार्रवाई


जयपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। लालकोठी सब्जी मंडी के आस-पास सड़कों पर अस्थाई अतिक्रमण हटाने को लेकर निगम के सतर्कता दस्ते ने कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान निगम दस्ते का ज्यादा फोकस चालान पर रहा, जबकि सड़क पर लगी दुकानें और सभी ठेलों को हटाने को लेकर लापरवाही बरती गई। खास बात यह है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दो घंटे बाद ही सड़क पर फिर से ठेले वालों ने डेरा डाल लिया।

नगर निगम की सतर्कता शाखा की टीम ने बुधवार को लालकोठी सब्जी मण्डी, हनुमान वाटिका, केश्यावाला पर हो रहे अतिक्रमणों पर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान उपायुक्त सतर्कता अजय कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम द्वारा कार्रवाई कर 15 ट्रक सामान जब्त किया गया और 57 हजार रुपए का कैरिंग चार्ज वसूल किया गया। इसके साथ ही फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों को दुबारा अस्थाई अतिक्रमण न करने की समझाइश भी की गई। इस कार्रवाई के दौरान दस्ते ने पुलिस मुख्यालय से लगती सड़क पर लगे सभी ठेलों को नहीं हटाया तो सड़क पर लगी दुकान का चालान काट कर इतिश्री कर ली। सड़क पर लगी दुकान से इस रोड पर जाम के हालात रहते है। निगम ने इस रोड पर लगे ठेलों को तिरपाल से ढकवा दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story