प्रतिभाओं का सम्मान, संगठन विस्तार और कौशल विकास पर फोकस करेगा लघु उद्योग भारती

WhatsApp Channel Join Now
प्रतिभाओं का सम्मान, संगठन विस्तार और कौशल विकास पर फोकस करेगा लघु उद्योग भारती


उदयपुर, 09 मई (हि.स.)। लघु उद्योग भारती आने वाले समय में प्रतिभाओं का सम्मान, संगठन विस्तार और कौशल विकास पर फोकस करेगा। यह बात लघु उद्योग भारती के 32वें स्थापना दिवस पर उदयपुर महानगर इकाई की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उभर कर आई।

लघु उद्योग भारती महानगर मीडिया प्रमुख डॉ. अवनीश व्यास ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष राजेंद्र सुराणा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में लघु उद्योग भारती प्रदेश अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विभाग संचालक हेमेंद्र श्रीमाली, लघु उद्योग भारती प्रांतीय महासचिव प्रवीण गुप्ता, रीना राठौड़ एवं पूर्व अध्यक्ष राकेश वर्डिया मौजूद रहे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में महानगर अध्यक्ष राजेंद्र सुराणा ने अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए अपने कार्यकाल में किए गए विभिन्न संगठनात्मक कार्यों, उद्योग हित में किए गए प्रयासों एवं आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने संगठन की निरंतर बढ़ती सक्रियता और उद्यमियों के सहयोग की सराहना की।

इसके पश्चात वर्ष 2013 में संगठन गठन से लेकर वर्तमान तक रहे सभी पूर्व अध्यक्षों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर पूर्व महापौर रजनी डांगी ने संगठन के प्रारंभिक संघर्षों एवं विपरीत परिस्थितियों में संगठन को मजबूती प्रदान करने वाले कार्यकर्ताओं के योगदान को स्मरण किया। उन्होंने महिला इकाई की प्रथम अध्यक्ष द्वारा संगठन को स्थापित करने के लिए किए गए संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि समर्पण एवं संगठन भावना से ही आज लघु उद्योग भारती एक मजबूत मंच के रूप में खड़ी है।

कार्यक्रम में मंच द्वारा संगठन के विस्तार के बारे में बताया कि संगठन निरंतर अपनी गति से आगे बढ़ता रहा, किंतु वर्ष 2021 से 2024 के मध्य तत्कालीन अध्यक्ष मनोज जोशी के नेतृत्व में संगठन ने अभूतपूर्व विस्तार प्राप्त किया। इस अवधि में सर्वाधिक नए सदस्यों को संगठन से जोड़ा गया तथा उदयपुर के इतिहास में एक भव्य “इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर” का आयोजन हुआ, जो लघु उद्योग भारती उदयपुर के लिए एक मील का पत्थर सिद्ध हुआ।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल कर उदयपुर एवं देश का नाम रोशन करने वाले प्रतिभावान बालक-बालिकाओं का अतिथियों द्वारा सम्मान किया गया। उपस्थित जनों ने इन प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

चित्तौड़ प्रांत महासचिव प्रवीण गुप्ता ने अपने उद्बोधन में लघु उद्योग भारती की स्थापना की पृष्ठभूमि, उद्देश्य एवं आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्ष 2010 से वरिष्ठ मार्गदर्शक प्रकाश चंद्र के सान्निध्य में संगठन निरंतर विस्तार की ओर अग्रसर हुआ और आज देशभर में एक विशाल संगठन के रूप में स्थापित हो चुका है। गुप्ता ने बताया कि राजस्थान में वर्तमान में जयपुर एवं जोधपुर में लघु उद्योग भारती द्वारा कौशल विकास केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां विभिन्न प्रकार के स्किल कोर्स के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में देशभर में संगठन के लगभग 66,500 सदस्य हैं तथा प्रत्येक कार्यकर्ता को सदस्यता विस्तार एवं संगठन सशक्तीकरण के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story