खारा ग्रोथ सेन्टर में शुभारंभ के माैके पर लगाए 1100 पौधे लगाए और 1100 पौधों का वितरण भी किया
बीकानेर, 01 सितंबर (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण एवं औद्योगिक क्षेत्रों को हरित बनाने के उद्देश्य से लघु उद्योग भारती के तत्वावधान में संचालित “एक सदस्य–एक पेड़” अभियान के तहत आज खारा ग्रोथ सेंटर में लघु उद्योग भारती वाटिका के द्वितीय संस्करण का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर 1100 पौधे लगाए गए तथा 1100 पौधों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि लालेश्वर महादेव पीठाधीश्वर संवित विमर्शानंद महाराज, मुख्य अतिथि संयुक्त निदेशक जिला उद्योग केंद्र मंजू नैन गोदारा, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के शाखा प्रबंधक राजकुमार जी मीणा, सीआईडी-सीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम प्रताप जी गोदारा, बीकेईएसएल के सुरेंद्र चौधरी, लघु उद्योग भारती जोधपुर प्रांत अध्यक्ष बाल किशन जी परिहार, खारा ग्रोथ सेंटर संघ अध्यक्ष परमिंदर जी, बाबा रामदेव सेवा समिति अध्यक्ष विक्रम, समाजसेवी राजा राम धारणिया, भीखाराम चांदमल् से आशीष अग्रवाल तथा न्यूकेम ऑयल मिल से भारत भूषण जी गर्ग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती बीकानेर इकाई अध्यक्ष राजेश गोयल, शोभासर इकाई अध्यक्ष दामोदर माहेश्वरी, करनी इकाई अध्यक्ष विनोद धानुका, करनी इकाई सचिव मनोज तलवारिया, जोधपुर प्रांत कार्यकारिणी सदस्य प्रकाश नवहाल एवं इकाई संरक्षक सुभाष मित्तल सहित लघु उद्योग भारती के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।इस अवसर पर अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लघु उद्योग भारती की इस पहल की सराहना की। अतिथियों ने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। औद्योगिक क्षेत्रों में हरित क्षेत्र विकसित करने की ऐसी पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी साबित होगी।
लघु उद्योग भारती प्रांत अध्यक्ष बाल किशन जी परिहार ने कहा कि करणी औद्योगिक क्षेत्र में 1000 पौधों का सघन वन विकसित करने के संकल्प के बाद अब खारा ग्रोथ सेंटर में वाटिका के द्वितीय संस्करण का शुभारंभ पर्यावरण संरक्षण अभियान का विस्तार है। संस्था का उद्देश्य केवल पौधारोपण करना नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन के माध्यम से औद्योगिक क्षेत्रों को हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाना है।
जोधपुर प्रांत कार्यकारिणी सदस्य हर्ष कंसल ने बताया कि “एक सदस्य–एक पेड़” अभियान को उद्योग जगत, प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों एवं आमजन का निरंतर सहयोग मिल रहा है। करणी औद्योगिक क्षेत्र में 1000 पौधों का सघन वन तैयार करने के बाद अब खारा ग्रोथ सेंटर में 1100 पौधे लगाने एवं 1100 पौधों का वितरण किया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण एवं पौधों के संरक्षण से जोड़ना है।
खारा इकाई अध्यक्ष रमेश अग्रवाल, इकाई सचिव लाभू राम जी एवं उपाध्यक्ष विजय पाल ने खारा ग्रोथ सेंटर में लघु उद्योग भारती वाटिका विकसित करने का संकल्प लिया था और इसके लिए प्रारंभिक कार्य भी शुरू कर दिया था। आज इस संकल्प के मूर्त रूप लेने पर लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने रमेश अग्रवाल, लाभू राम एवं विजय पाल को सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों ने कहा कि “एक सदस्य–एक पेड़” अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से आगे बढ़ाया जा रहा है। संस्था का प्रयास है कि औद्योगिक क्षेत्रों में अधिक से अधिक हरित क्षेत्र विकसित हों और लगाए गए प्रत्येक पौधे के संरक्षण की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम का मंच संचालन ज्योति प्रकाश रंगा ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

