कोटा मंडल: पिछले वर्ष की तुलना में अधिक लदान और राजस्व अर्जित

WhatsApp Channel Join Now
कोटा मंडल: पिछले वर्ष की तुलना में अधिक लदान और राजस्व अर्जित


काेटा, 20 मार्च (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए पिछले वर्ष की तुलना में अधिक लदान और राजस्व अर्जित किया है। इस उपलब्धि से रेलवे की आय में वृद्धि हुई है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं रेल सेवाओं को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि 19 मार्च 2026 को मंडल द्वारा 7.5 रेक के माध्यम से लगभग 1.6 करोड़ किलोग्राम माल का लदान किया गया। इसके साथ ही इस वर्ष का कुल माल परिवहन लगभग 702.9 करोड़ किलो तक पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। इसी के साथ माल परिवहन से प्राप्त आय भी बढ़कर 845.03 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 2.5 प्रतिशत अधिक है। यह उपलब्धि संचालन, वाणिज्य, यांत्रिक एवं वित्त विभागों के समन्वित प्रयासों से संभव हुई है।

उन्होंने बताया कि माल ग्राहकों से सीधे संपर्क और बेहतर सेवा प्रदान करने के प्रयासों के कारण यह वृद्धि संभव हुई है। बढ़ी हुई आय का उपयोग रेलवे द्वारा यात्री सुविधाओं के विकास, आधारभूत संरचना के उन्नयन तथा सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने में किया जाएगा, जिससे आम यात्रियों को सीधे लाभ मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story