हरित संकल्प से हरित रेलवे की ओर बढ़ता कोटा मंडल

WhatsApp Channel Join Now
हरित संकल्प से हरित रेलवे की ओर बढ़ता कोटा मंडल


काेटा, 30 मई (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर भारतीय रेलवे द्वारा 15 मई से 5 जून तक चलाए जा रहे विशेष पर्यावरण अभियान के अंतर्गत पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में व्यापक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इस वर्ष अभियान की थीम “जलवायु परिवर्तन — धरती माँ की चुनौतियाँ” रखी गई है, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जन सम्पर्क अधिकारी सौरभ जैन ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा के निर्देशन में कोटा मंडल के सभी विभाग इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं। विद्युत, चिकित्सा, परिवहन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इलेक्ट्रिक लोको शेड, तुगलकाबाद में विद्युत विभाग द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर परिसर की साफ-सफाई की गई तथा कर्मचारियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। इसी दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

रेलवे माध्यमिक विद्यालय, गंगापुर सिटी एवं बाल मंदिर माध्यमिक विद्यालय, लोको कॉलोनी कोटा में विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जलवायु परिवर्तन, प्लास्टिक प्रदूषण तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक सोच प्रस्तुत की। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में प्रकृति संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।

सवाई माधोपुर, बयाना एवं हिण्डौन सिटी रेलवे कॉलोनियों में टिकाऊ जीवनशैली अपनाने, ई-कचरे के दुष्प्रभावों तथा प्लास्टिक के समुचित संग्रह, निपटान एवं पुनर्चक्रण के प्रति जागरूकता अभियान चलाए गए। बयाना रेलवे स्वास्थ्य इकाई एवं हिण्डौन रेलवे कॉलोनी में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर हरित वातावरण के निर्माण का संदेश दिया गया।

चिकित्सा विभाग की स्वास्थ्य इकाई, भरतपुर द्वारा रेलवे कॉलोनी में पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली गई। रैली स्वास्थ्य इकाई भरतपुर से प्रारंभ होकर रेलवे कॉलोनी के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः स्वास्थ्य इकाई पर सम्पन्न हुई। रैली में विभिन्न विभागों के रेलकर्मियों एवं यूनियन प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान लोगों को वृक्षारोपण, प्लास्टिक के सीमित उपयोग तथा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

रेल प्रशासन का उद्देश्य इस अभियान को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी से जोड़ना है, ताकि रेलकर्मियों एवं आमजन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति दीर्घकालिक जागरूकता विकसित हो सके। कोटा मंडल सतत रूप से हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल रेलवे के निर्माण की दिशा में कार्य कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story