कोटा मंडल ने मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के समयपालन में हासिल किया देश में पहला स्थान

WhatsApp Channel Join Now
कोटा मंडल ने मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के समयपालन में हासिल किया देश में पहला स्थान


कोटा, 09 अगस्त (हि.स.)। कोटा मंडल, पश्चिम मध्य रेलवे ने मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा के दिशा-निर्देशन में समयपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मेल-एक्सप्रेस गाड़ियों में 100 प्रतिशत समयपालन हासिल कर भारतीय रेलवे के सभी मंडलों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वित्तीय वर्ष 2026-27 में यह कोटा मंडल की पांचवीं बार 100 प्रतिशत समयपालन की उपलब्धि है।

इससे पहले मंडल ने 4 मई, 5 मई, 27 मई और 29 जून 2026 को भी मेल-एक्सप्रेस गाड़ियों में 100 प्रतिशत समयपालन हासिल किया था। इस प्रकार वित्तीय वर्ष 2026-27 में कोटा मंडल ने अब तक पांच बार शत-प्रतिशत समयपालन का प्रदर्शन किया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि 8 अगस्त को 100 प्रतिशत समयपालन के साथ भारतीय रेलवे में प्रथम स्थान हासिल करना मंडल के सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय, सतत निगरानी और टीम भावना का परिणाम है। स्टेशनों, नियंत्रण कक्ष और फील्ड में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा चौबीसों घंटे गाड़ियों के परिचालन की निगरानी की गई तथा आवश्यकता के अनुसार समय पर निर्णय लिए गए। सभी के सामूहिक प्रयासों और प्रतिबद्धता से गाड़ियों का सुचारू एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित किया जा सका।

उल्लेखनीय है कि 4 मई 2026 को भी कोटा मंडल ने 100 प्रतिशत समयपालन के साथ भारतीय रेलवे के सभी मंडलों में प्रथम स्थान हासिल किया था। इस प्रकार वित्तीय वर्ष 2026-27 में कोटा मंडल दो बार भारतीय रेलवे में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुका है।

कोटा मंडल का यह निरंतर बेहतर प्रदर्शन परिचालन से जुड़े विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय, सतत निगरानी और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। गाड़ियों के समय पर चलने से यात्रियों को अपनी यात्रा की बेहतर योजना बनाने, निर्धारित समय पर गंतव्य तक पहुंचने तथा आगे की यात्रा के लिए समय पर पहुंचने में सुविधा मिलती है। इससे यात्रियों को अधिक समयबद्ध और विश्वसनीय रेल सेवा उपलब्ध होती है। कोटा मंडल यात्रियों को समयबद्ध, सुरक्षित और विश्वसनीय रेल सेवा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story