कोटा मंडल ने अगस्त में 532 सिक वैगनों को फिट कर बनाया नया रिकॉर्ड
काेटा, 02 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा के मार्गदर्शन में मालगाड़ी वैगनों के अनुरक्षण में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए अगस्त 2026 में रिकॉर्ड 532 सिक वैगनों को फिट किया। यह प्रदर्शन गत वर्ष के 377 वैगन के मासिक औसत से लगभग 41 प्रतिशत अधिक है।
इस उपलब्धि में कैरिज एवं वैगन सिक लाइन टीम ने अब तक का सर्वाधिक आउटटर्न देते हुए 470 सिक वैगनों को फिट किया। इसके साथ ही आरओएच डिपो ने अपने नियमित वैगन अनुरक्षण कार्यों के अतिरिक्त 62 सिक वैगनों को फिट कर महत्वपूर्ण योगदान दिया। सिक वैगनों की समयबद्ध मरम्मत कर उन्हें पुनः परिचालन में लाने से मालगाड़ियों के लिए अधिक वैगन उपलब्ध होते हैं और खाद्यान्न, कोयला, उर्वरक, सीमेंट सहित विभिन्न आवश्यक वस्तुओं का रेल परिवहन अधिक सुचारु एवं प्रभावी बनता है। इससे वैगनों का बेहतर उपयोग होने के साथ रेल नेटवर्क की समग्र परिचालन क्षमता भी बढ़ती है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक साैरभ जैन के अनुसार कोटा मंडल की यह रिकॉर्ड उपलब्धि कैरिज एवं वैगन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बेहतर समन्वय, टीमवर्क, कार्यकुशलता एवं उच्च उत्पादकता का परिणाम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

