हरित ऊर्जा की ओर बढ़ता कोटा मंडल, सौर ऊर्जा क्षमता 4.542 मेगावाट पहुंची

WhatsApp Channel Join Now
हरित ऊर्जा की ओर बढ़ता कोटा मंडल, सौर ऊर्जा क्षमता 4.542 मेगावाट पहुंची


काेटा, 14 अक्टूबर (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा दक्षता और पारंपरिक विद्युत पर निर्भरता कम करने की दिशा में पश्चिम मध्य रेलवे का कोटा मंडल सौर ऊर्जा के उपयोग का लगातार विस्तार कर रहा है। मंडल में स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्रों की कुल क्षमता अब 4.542 मेगावाट हो गई है। इन संयंत्रों से प्रतिवर्ष औसतन 66.31 लाख यूनिट हरित विद्युत का उत्पादन हो रहा है, जिससे रेलवे को सालाना लगभग 2.60 करोड़ की बचत हो रही है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कोटा मंडल में कुल 1054 किलोवाट (1.054 मेगावाट) क्षमता के नए रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किए गए। इनमें उपलब्ध विवरण के अनुसार गंगापुर सिटी में 222 किलोवाट, सवाई माधोपुर में 300 किलोवाट, तुगलकाबाद में 400 किलोवाट तथा भरतपुर में 80 किलोवाट क्षमता के सौर संयंत्र शामिल हैं।

हरित ऊर्जा के इस नेटवर्क को आगे और मजबूत करने के लिए मंडल में 2340 किलोवाट (2.340 मेगावाट) अतिरिक्त सौर क्षमता स्थापित करने की योजना है। इन परियोजनाओं के लिए संबंधित एजेंसियों को लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (LOA) जारी किए जा चुके हैं तथा आगे की कार्यवाही प्रगति पर है।

सौर ऊर्जा के बढ़ते उपयोग से बिजली व्यय में कमी के साथ पर्यावरण अनुकूल रेल संचालन को भी बढ़ावा मिल रहा है। यह पहल रेलवे के नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन लक्ष्य की दिशा में कोटा मंडल के प्रयासों को और गति दे रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760867 Articles

Share this story