कोटा में धनतेरस पर 500 करोड़ से ज्यादा का कारोबार, 800 चौपहिया वाहनों की डिलीवरी

WhatsApp Channel Join Now
कोटा में धनतेरस पर 500 करोड़ से ज्यादा का कारोबार, 800 चौपहिया वाहनों की डिलीवरी


कोटा, 06 नवंबर (हि.स.)। कोरोना काल के बाद पहली बार कोटा में धनतेरस पर बाजारों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सर्राफा, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, गारमेंट और रियल एस्टेट सहित विभिन्न सेक्टर में ग्राहकों की भारी भीड़ रही। सोने-चांदी की कीमतों में आई गिरावट का असर भी खरीदारी पर दिखाई दिया।

व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वारी के अनुसार धनतेरस पर कोटा में 500 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है।

व्यापारियों के अनुसार अकेले ज्वेलरी कारोबार करीब 100 करोड़ रुपए, ऑटोमोबाइल में करीब 200 करोड़ रुपए, इलेक्ट्रिकल व गैजेट्स में करीब 100 करोड़ रुपए और रेडीमेड गारमेंट में करीब 50 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ। बाजारों में सुबह से देर शाम तक ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।

धनतेरस पर सर्राफा बाजार में महिलाओं और युवतियों की विशेष भीड़ रही। सोने और चांदी के दामों में हालिया गिरावट के चलते ग्राहकों ने खरीदारी में रुचि दिखाई।

ज्वेलर पंकज सोनी के अनुसार इस बार हल्के वजन की ज्वेलरी और 20 कैरेट हॉलमार्क ज्वेलरी की मांग अधिक रही। 8 से 15 ग्राम के नेकलेस, 1 से 2 ग्राम की अंगूठियां और टॉप्स, पेंडेंट सेट तथा एंटिक ज्वेलरी ग्राहकों की पसंद बनी।

चांदी में 99.99 प्रतिशत शुद्धता वाले सिक्के, बार, बर्तन, भगवान की मूर्तियां, पायल और बिछिया की मांग रही। युवाओं में चांदी और स्टेनलेस सिल्वर के ब्रेसलेट, कड़े, चेन और अंगूठियां पसंद की गईं। व्यापारियों का कहना है कि पहले सोना करीब 1.86 लाख रुपए और चांदी करीब 4 लाख रुपए के उच्चतम स्तर तक पहुंच गई थी। अब कीमतों में गिरावट आने से बाजार में खरीदारी का उत्साह बढ़ा है। आगामी देवउठनी एकादशी और शादी के सीजन को देखते हुए लोगों ने सोने-चांदी को निवेश का सुरक्षित विकल्प मानते हुए भी खरीदारी की।

धनतेरस पर कोटा के ऑटोमोबाइल बाजार में भी जमकर खरीदारी हुई।

शहर में करीब 800 चौपहिया वाहनों की डिलीवरी होने की जानकारी सामने आई। कई शोरूम पर ग्राहक परिवार के साथ वाहन लेने पहुंचे। डिलीवरी के दौरान शोरूम के बाहर ढोल-नगाड़े बजते नजर आए और लोग उत्साह के साथ नई गाड़ियां लेकर रवाना हुए।

वाहन कंपनियों की ओर से धनतेरस पर आकर्षक ऑफर और डिस्काउंट भी दिए गए। चौपहिया वाहनों पर करीब 5 हजार से 1 लाख रुपए तक की छूट का लाभ ग्राहकों ने उठाया। इस बार खास तौर पर इलेक्ट्रिक और सीएनजी वाहनों की मांग दिखाई दी।

दोपहिया वाहन बाजार में भी इलेक्ट्रिक स्कूटर की मांग रही। युवाओं और परिवारों ने इलेक्ट्रिक वाहनों में विशेष रुचि दिखाई।

गुमानपुरा के इलेक्ट्रॉनिक बाजार में भी धनतेरस पर काफी रौनक रही। ग्राहकों ने बड़े स्क्रीन वाले एआई टेक्नोलॉजी से लैस टीवी खरीदने में रुचि दिखाई। सर्दी को देखते हुए गीजर और हीटर की बिक्री भी बढ़ी। इलेक्ट्रिकल और गैजेट्स कारोबार से जुड़े व्यापारियों ने बाजार में अच्छी खरीदारी होने की बात कही।

कोटा के इंद्रा मार्केट, गुमानपुरा और भैरू गली सहित प्रमुख कपड़ा बाजारों में भी ग्राहकों की भीड़ रही। महिलाओं में डिजाइनर साड़ियों को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया। युवाओं ने रेडीमेड कपड़ों की खरीदारी की।

व्यापारियों के अनुसार रेडीमेड गारमेंट सेक्टर में करीब 50 करोड़ रुपए का कारोबार होने का अनुमान है।

रामपुरा के ठठेरा बाजार में धनतेरस पर बर्तनों की खरीदारी के लिए भी लोग पहुंचे। व्यापारियों के अनुसार इस बार तांबे के बर्तनों की मांग अधिक रही। कारोबारियों ने बाजार को पिछले साल के मुकाबले लगभग सामान्य बताया।

सर्राफा कारोबारियों के अनुसार इस बार अच्छी फसल होने से ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में ग्राहक कोटा के बाजारों में खरीदारी के लिए पहुंचे। पिछले साल की मंदी के बाद इस बार धनतेरस पर बाजार में आया उत्साह व्यापारियों के लिए भी राहत लेकर आया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773620 Articles

Share this story