कोटा में दुर्गा विसर्जन के दौरान पलटी नाव, दो युवकों की मौत; दो अब भी लापता

WhatsApp Channel Join Now
कोटा में दुर्गा विसर्जन के दौरान पलटी नाव, दो युवकों की मौत; दो अब भी लापता


कोटा में दुर्गा विसर्जन के दौरान पलटी नाव, दो युवकों की मौत; दो अब भी लापता


कोटा, 21 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान खुशियों का माहौल उस समय मातम में बदल गया, जब कोटा की कोटड़ी नहर में श्रद्धालुओं से भरी नाव पलट गई। नाव में सवार सात लोग पानी में बहने लगे। हादसे के दौरान महिला मान कंवर समेत तीन लोग तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन चार युवक नहर में लापता हो गए। बुधवार को बचाव दल ने दो युवकों के शव बरामद कर लिए, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

हादसे में लापता युवकों की पहचान विकास वर्मा उर्फ सुमन (22), सूरज सिंह (22), एशु जोशी (19) और राहुल जोशी (18) के रूप में हुई है। बुधवार सुबह बचाव दल ने विकास वर्मा और सूरज सिंह के शव बरामद कर लिए। वहीं, एशु जोशी और राहुल जोशी की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। एशु और राहुल चचेरे भाई बताए जा रहे हैं।

एडिशनल एसपी सुभाषचंद्र मिश्रा ने बताया कि मंगलवार रात साढ़े दस बजे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया था। बुधवार सुबह फिर रेस्क्यू शुरू किया गया। इस दौरान दो युवक विकास वर्मा और सूरज सिंह के शव निकालकर एमबीएस अस्पताल के पोस्टमॉर्टम रूम में रखवाए हैं।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम कोटा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान कोटड़ी नहर में नाव पलटने से हादसा हुआ। नाव में सात लोग सवार थे। इनमें से तीन लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, जबकि चार युवक पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और लापता युवकों की तलाश शुरू की।

हादसे के बाद राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल और अन्य बचाव दलों ने तलाश अभियान चलाया। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बुधवार सुबह फिर से अभियान शुरू किया गया और नहर में कई किलोमीटर तक युवकों की तलाश की गई।

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए इस हादसे से प्रभावित परिवारों में शोक छा गया। दो युवकों के शव मिलने के बाद अब सभी की नजरें लापता एशु जोशी और राहुल जोशी की तलाश पर टिकी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764180 Articles

Share this story