किशाऊ बांध परियोजना के लिए छह राज्यों के बीच एमओयू

WhatsApp Channel Join Now
किशाऊ बांध परियोजना के लिए छह राज्यों के बीच एमओयू


नई दिल्ली/जयपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में मंगलवार को नई दिल्ली में किशाऊ बहुउद्देश्यीय बांध परियोजना के लिए एमओयू हुआ। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल और राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमालच प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली के मुख्यमंत्रियों ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस समझौते को राज्यों के बीच आपसी सहयोग की मिसाल बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘‘सबका साथ-सबका विकास-सबका प्रयास-सबका विश्वास‘‘ के विजन को तेजी से आगे बढ़ाया है। जिससे राज्यों की सहमति से दशकों से अटकी परियोजनाओं का समाधान हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान सौभाग्यशाली प्रदेश है जिसे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में यमुना जल समझौता, रामजल सेतु लिंक परियोजना, नर्मदा जल समझौता और किशाऊ बांध परियोजना जिसे बड़ी सौगातें मिली हैं। ये जल समझौते जल सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है और आने वाली पीढ़ियां इन्हें याद रखेगी। उन्होंने कहा कि किशाऊ बांध परियोजना से राजस्थान सहित 6 राज्यों में सिंचाई, पेयजल सहित अन्य आवश्यकताओं के लिए पर्याप्त जलापूर्ति हो सकेगी। इससे प्रदेशों का निरंतर विकास होगा।

बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित संबंधित राज्यों के मंत्रीगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story