किशनगढ़ सभापति पद के लिए भाजपा से राजकुमार बड़जात्या, कांग्रेस से मोहित खंडेलवाल

WhatsApp Channel Join Now
किशनगढ़ सभापति पद के लिए भाजपा से राजकुमार बड़जात्या, कांग्रेस से मोहित खंडेलवाल


अजमेर, 16 सितंबर (हि.स.)। मार्बल सिटी किशनगढ़ में नगर परिषद सभापति पद के चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा ने सभापति पद के लिए नवनिर्वाचित पार्षद राजकुमार बड़जात्या को प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस की ओर से मोहित खंडेलवाल ने नामांकन दाखिल किया है। दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के मैदान में आने के बाद मुकाबला आमने-सामने हो गया है।

बुधवार को भाजपा के ओबीसी मोर्चा प्रदेश मंत्री सुभाष चौधरी के नेतृत्व में भाजपा पार्षद नगर परिषद पहुंचे। इससे पहले नवनिर्वाचित पार्षद राजकुमार बड़जात्या, दिनेश सिंह राठौड़ और मनेन्द्र सिंह ने पार्षद पद की शपथ ली। इसके बाद बड़जात्या ने सभापति पद के लिए नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान भाजपा खेमे में उत्साह नजर आया। पूर्व सभापति एवं नवनिर्वाचित पार्षद दिनेश सिंह राठौड़, भाजपा नेता सीताराम साहू और वेद प्रकाश दाधीच सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

नगर परिषद में मौजूदा आंकड़ों के अनुसार भाजपा के 29, कांग्रेस के 21 और निर्दलीय 10 पार्षद हैं। ऐसे में सभापति पद के चुनाव में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो सकती है। सभापति पद के लिए निर्वाचन 21 सितंबर को होगा। इसी के साथ किशनगढ़ नगर परिषद में अगली शहर सरकार की तस्वीर स्पष्ट होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story