मोती डूंगरी गणेश मंदिर में पूजा के साथ कीर्ति पाठक ने संभाली नई जिम्मेदारी

WhatsApp Channel Join Now
मोती डूंगरी गणेश मंदिर में पूजा के साथ कीर्ति पाठक ने संभाली नई जिम्मेदारी


जयपुर, 19 जून (हि.स.)। आम आदमी पार्टी राजस्थान की नवनियुक्त कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष कीर्ति पाठक के जयपुर में प्रथम आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने उनका भव्य स्वागत किया। अपने पहले कार्यक्रम के तहत उन्होंने मोती डूंगरी गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और जनसेवा के संकल्प को मजबूत करने की कामना की।

इसके बाद पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता दीपक मिश्रा ने कहा कि कीर्ति पाठक पार्टी की स्थापना काल से जुड़ी समर्पित कार्यकर्ता रही हैं और उन्होंने जिला, प्रदेश तथा राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और विभिन्न चुनावों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

कीर्ति पाठक ने कहा कि वे राजस्थान के आमजन की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य करेंगी तथा विकास, सुशासन और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देंगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी किसानों, महिलाओं, युवाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर जनता के साथ खड़ी रहेगी।

उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि वे राजस्थान में आम आदमी पार्टी की पहली महिला प्रदेश अध्यक्ष हैं और इस जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करेंगी। कीर्ति पाठक ने प्रदेश में सामने आए पेपर लीक मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में बार-बार हो रहे फर्जीवाड़े से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है।

उन्होंने वर्तमान भाजपा सरकार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि आम आदमी पार्टी ने जिन राज्यों में सरकार बनाई है, वहां शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं और राजस्थान की जनता भी अब परिणाम आधारित राजनीति चाहती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story