खोह-नागोरियान अग्निकांड: मुख्य आरोपित कय्यूम खान चार दिन की पुलिस रिमांड पर

WhatsApp Channel Join Now
खोह-नागोरियान अग्निकांड: मुख्य आरोपित कय्यूम खान चार दिन की पुलिस रिमांड पर


जयपुर, 17 जून (हि.स.)। खोह-नागोरियान थाना क्षेत्र के करीम नगर बी तलाई स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट और आगजनी में आठ लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित कय्यूम खान को गिरफ्तार कर बुधवार सुबह कोर्ट में पेश किया। अदालत ने आरोपित को बीस जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में अवैध पटाखा कारोबार और इससे जुड़े नेटवर्क के कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

खोह-नागोरियान थानाधिकारी प्रकाश राम विश्नोई ने बताया कि नौ जून को हुए हादसे के बाद से कय्यूम खान फरार था। वह जयपुर के शास्त्री नगर और झोटवाड़ा में छिपने के बाद टोंक, गाजियाबाद और उत्तर प्रदेश के अन्य इलाकों में लगातार ठिकाने बदलता रहा। पुलिस को उसके जयपुर लौटने की सूचना मिलने पर मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस मकान में अवैध पटाखा फैक्ट्री संचालित हो रही थी। उसका मालिक कय्यूम खान है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि फैक्ट्री संचालन में उसकी साझेदारी भी थी। हालांकि कोर्ट में पेशी से पहले मीडिया से बातचीत में आरोपित कय्यूम ने खुद को केवल मकान मालिक बताते हुए कहा कि उसने भवन किराए पर दिया था और फैक्ट्री में उसकी कोई हिस्सेदारी नहीं थी। उसने हादसे में आठ लोगों की मौत पर दुख जताया। लेकिन कारोबार और साझेदारी से जुड़े सवालों पर चुप्पी साध ली।

पुलिस के अनुसार आरोपित के पास पटाखा निर्माण या विस्फोटक सामग्री के भंडारण संबंधी कोई वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज नहीं मिले हैं। इस मामले की जांच के लिए पुलिस,जेडीए, नगर निगम, बिजली विभाग और पीएचईडी से भवन एवं स्वामित्व संबंधी दस्तावेज जुटा रही है।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपितों से जुड़े पांच अवैध विस्फोटक गोदाम भी चिन्हित कर सीज किए हैं। इन स्थानों पर बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी गई थी। इस मामले में कय्यूम खान सहित तीन आरोपितों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आने पर संबंधित थाना प्रभारी सहित नौ पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है।

इसके अलावा मृतकों के परिजनों की ओर से भी मामले में नए आरोप सामने आए हैं। इस हादसे में जान गंवाने वाले नाबालिग रब्बिल के मामा एवं अधिवक्ता हाशिम कुरैशी ने आरोप लगाया कि आरोपी स्वयं को बचाने के लिए फर्जी दस्तावेजों का सहारा ले रहा है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस को आरोपित के भाइयों से जुड़ी कई अन्य अवैध फैक्ट्रियों की जानकारी भी मिली है, जबकि कुछ आरोपित अभी भी फरार हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि फरारी के दौरान कय्यूम खान के पास पैसे खत्म हो गए थे और वह पहचान छिपाकर कच्ची बस्तियों में रह रहा था। बताया जा रहा है कि जीविका चलाने के लिए उसे कचरा बीनने तक की नौबत आ गई थी।

गौरतलब है कि नौ जून को करीम नगर स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट और आगजनी की घटना में आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। मामले में अब तक नौ एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। वहीं कय्यूम को फरारी में मदद करने के आरोप में सलमान नामक व्यक्ति को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान अवैध विस्फोटक कारोबार, आर्थिक लेनदेन और अन्य सहयोगियों की भूमिका की गहन जांच की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story