खेलो राजस्थान गेम्स में अब 12 की जगह 16 खेल: पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 नवंबर

WhatsApp Channel Join Now
खेलो राजस्थान गेम्स में अब 12 की जगह 16 खेल: पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 नवंबर


जयपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित किए जा रहे ‘खेलो राजस्थान गेम्स’ में अब 12 के स्थान पर 16 खेलों को शामिल किया गया है। खिलाड़ियों की मांग को देखते हुए राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद ने खेलों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है। सभी 16 खेलों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है, जबकि प्रतियोगिताएं अब 15 दिसंबर से शुरू होंगी।

राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के सचिव राजकेश मीणा ने बताया कि पहले चरण में केवल चार खेलों के लिए आवेदन लिए जा रहे थे, लेकिन अब तीनों चरणों के सभी खेलों के लिए पोर्टल खोल दिया गया है। पहले निर्धारित 12 खेलों के साथ हॉकी, शूटिंग बॉल, टेनिस बॉल क्रिकेट और मल्लखंब को भी शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि अब तक कुल 1,55,964 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 1,02,594 पुरुष और 53,367 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। कुल 3,852 टीमों और 1,24,021 व्यक्तिगत खिलाड़ियों ने पंजीकरण करवाया है।

जिला स्तर पर पंजीकरण में भीलवाड़ा 35,663 खिलाड़ियों के साथ पहले स्थान पर है। डीडवाना-कुचामन 20,005 पंजीकरण के साथ दूसरे स्थान पर है। इसके अलावा नागौर में 6,599, सीकर में 6,400, जोधपुर में 3,716 और धौलपुर में 3,504 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है।

मीणा ने बताया कि खिलाड़ियों को अतिरिक्त समय देने और अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पंजीकरण की अंतिम तिथि 16 नवंबर से बढ़ाकर 30 नवंबर 2026 कर दी गई है। इसी प्रकार प्रतियोगिताओं की शुरुआत भी पूर्व निर्धारित 1 दिसंबर के स्थान पर अब 15 दिसंबर 2026 से होगी।

खेलो राजस्थान गेम्स के तहत तीन चरणों में 16 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। पहले चरण में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, रस्साकशी और शूटिंग बॉल शामिल हैं। दूसरे चरण में कबड्डी, फुटबॉल, जूडो, मल्लखंब, शूटिंग और टेनिस बॉल क्रिकेट होंगे। वहीं तीसरे चरण में खो-खो, कुश्ती, हॉकी, सितोलिया और बास्केटबॉल की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

राजकेश मीणा ने बताया कि परिषद का उद्देश्य प्रदेश की ग्रामीण और शहरी खेल प्रतिभाओं को एक मंच उपलब्ध कराना है, ताकि राजस्थान खेलों के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बन सके। इच्छुक खिलाड़ी आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द पंजीकरण कराने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778673 Articles

Share this story