बीस जुलाई को खाटूश्याम मंदिर में 19 घंटे बंद रहेंगे दर्शन, विशेष तिलक-श्रृंगार होगा

WhatsApp Channel Join Now
बीस जुलाई को खाटूश्याम मंदिर में 19 घंटे बंद रहेंगे दर्शन, विशेष तिलक-श्रृंगार होगा


सीकर, 15 जुलाई (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध खाटूश्याम मंदिर में 20 जुलाई को बाबा श्याम का विशेष तिलक-श्रृंगार और सेवा-पूजा की जाएगी। इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान के चलते मंदिर में श्रद्धालुओं के दर्शन 19 घंटे तक बंद रहेंगे। श्रीश्याम मंदिर कमेटी ने श्रद्धालुओं से निर्धारित समय का पालन करने की अपील की है।

श्रीश्याम मंदिर कमेटी के अनुसार 19 जुलाई की रात 10 बजे से 20 जुलाई की शाम 5 बजे तक मंदिर के पट बंद रहेंगे। इस दौरान बाबा श्याम की विशेष सेवा-पूजा, तिलक-श्रृंगार एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। इन अनुष्ठानों के दौरान आम श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति नहीं होगी।

श्रीश्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि बाबा श्याम का विशेष तिलक-श्रृंगार पारंपरिक विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया जाएगा। यह आयोजन मंदिर की विशेष धार्मिक परंपराओं का हिस्सा है, जिसमें बाबा की अलौकिक छवि को विशेष रूप से सजाया और पूजित किया जाता है।

मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे दर्शन के लिए 20 जुलाई की शाम 5 बजे के बाद ही मंदिर पहुंचे। निर्धारित समय का पालन करने से आयोजन सुचारू रूप से संपन्न होगा और श्रद्धालुओं को भी अनावश्यक असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

विशेष तिलक-श्रृंगार के बाद 20 जुलाई की शाम 5 बजे मंदिर के पट पुनः खोल दिए जाएंगे और श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन कर सकेंगे। मंदिर प्रशासन को इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसके मद्देनजर आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story