(अपडैट) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खातीपुरा-टाटानगर-सांतरागाछी नई एक्सप्रेस रेलसेवा को हरी झंडी दिखायी
जयपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। रेल यात्रियों की सुविधा तथा देश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में सोमवार को खातीपुरा (जयपुर) से टाटानगर होते हुए सांतरागाछी के लिए नई एक्सप्रेस रेलसेवा का शुभारम्भ किया गया।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से खातीपुरा-टाटानगर-सांतरागाछी उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
जयपुर के खातीपुरा रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में जयपुर के महापौर सुनील कोठारी एवं जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया, इस दौरान खातीपुरा स्टेेशन पर उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
नई रेलसेवा के शुभारम्भ के अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने उद्बोधन में कहा कि खातीपुरा (जयपुर) से टाटानगर होते हुए सांतरागाछी के लिए नई एक्सप्रेस रेलसेवा प्रारम्भ होने से राजस्थान और पूर्वी भारत के बीच रेल कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा। यह रेलसेवा राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड एवं पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ते हुए यात्रियों को आवागमन का सुगम साधन उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन की लंबे समय से मांग थी जो आज पूरी हो रही है। जयपुर से ट्रेने चलाने के संबंध में बताया कि खातीपुरा में मेगा कोचिंग टर्मिनल बनने से कोच हैडलिंग क्षमता में बढोतरी हुई है जिसके फलस्वरूप और अधिक ट्रेनों के संचालन का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
इस अवसर पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि विगत समय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल को बहुत से प्रोजेक्ट मिले है तथा रेल कार्यों के लिए 14 हजार करोड रूपये से अधिक का बजट आवंटित किया गया है। सांतरागाछी को जयपुर से टाटानगर होकर जोडने तथा पश्चिम बंगाल में अमृत भारत स्टेशनों के तहत पुनर्विकास कार्यों से यात्रियों को सौगात देने के लिए के लिए उन्हाेंने अश्विनी वैष्णव जी को धन्यवाद दिया।
खातीपुरा जयपुर में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में मंजू शर्मा, सांसद-जयपुर ने कहा कि इस रेलसेवा का लाभ केवल जयपुर और सांतरागाछी के यात्रियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मार्ग में स्थित विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा। इससे यात्रियों को विभिन्न शहरों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा के साथ लंबी दूरी की यात्रा की यात्रा का विकल्प उपलब्ध होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

