(अपडेट) खातीपुरा से सांतरागाछी नई एक्सप्रेस रेलसेवा 26 से , केंद्रीय रेलमंत्री दिखाएंगे हरी झंडी

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) खातीपुरा से सांतरागाछी नई एक्सप्रेस रेलसेवा 26 से , केंद्रीय रेलमंत्री दिखाएंगे हरी झंडी


जयपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)।

रेल यात्रियों की सुविधा तथा राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क को सुदृढ़ करने की दिशा में खातीपुरा (जयपुर) से सांतरागाछी के लिए नई एक्सप्रेस रेलसेवा का शुभारम्भ सोमवार को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर पश्चिम रेलवे अमित सुदर्शन के अनुसार इस अवसर पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे।

खातीपुरा रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में जयपुर के महापौर सुनील कोठारी,जयपुर सांसद मंजू शर्मा, , बगरू विधायक कैलाश चंद वर्मा तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिकगण उपस्थित रहेंगे।

उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा

गाड़ी संख्या 09701 खातीपुरा–सांतरागाछी उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा 26 अक्टूबर को खातीपुरा स्टेशन से 14:00 बजे रवाना होगी तथा बुधवार को 00:30 बजे सांतरागाछी पहुंचेगी।

यह रेलसेवा अपने मार्ग में राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करते हुए संचालित होगी। इससे मार्ग में आने वाले विभिन्न शहरों एवं क्षेत्रों के यात्रियों को रेल संपर्क का लाभ मिलेगा।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

गाड़ी संख्या 09701 खातीपुरा–सांतरागाछी उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा मार्ग में दौसा, बांदीकुई, मंडावर महुवा रोड, खेड़ली, ईदगाह आगरा जंक्शन, टूंडला जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, फतेहपुर, प्रयागराज जंक्शन, मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, जपला, गढ़वा रोड, डाल्टनगंज, बरवाडीह, लातेहार, टोरी, लोहरदगा, रांची, मुरी, पुरुलिया, चांडिल, टाटानगर एवं खड़गपुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इन ठहरावों से यात्रियों को विभिन्न प्रमुख शहरों और क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी।

उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा

खातीपुरा–सांतरागाछी उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा में यात्रियों की विभिन्न श्रेणियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कुल 22 डिब्बे लगाए जाएंगे। इनमें 01 फर्स्ट एसी, 02 सेकंड एसी, 04 थर्ड एसी, 02 थर्ड एसी इकोनॉमी, 01 पेंट्रीकार, 06 द्वितीय शयनयान, 04 साधारण श्रेणी तथा 02 पावरकार के डिब्बे शामिल होंगे।

नई रेलसेवा के शुभारम्भ से खातीपुरा (जयपुर) और सांतरागाछी के बीच रेल संपर्क को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही मार्गवर्ती स्टेशनों के यात्रियों को भी इस रेलसेवा से लाभ मिलेगा । यह पहल लंबी दूरी की रेल यात्रा के विकल्पों को बढ़ाने तथा विभिन्न राज्यों के बीच आवागमन को सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766756 Articles

Share this story