खैरथल-तिजारा में 117 करोड़ के 95 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now
खैरथल-तिजारा में 117 करोड़ के 95 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास


खैरथल-तिजारा में 117 करोड़ के 95 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास


खैरथल-तिजारा, 28 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को खैरथल में अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ जिलों से जुड़े 117 करोड़ रुपये के 95 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने खैरथल-तिजारा क्षेत्र के लिए सड़क, जलापूर्ति और बिजली से जुड़े कई कार्यों की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर से नजदीकी, भिवाड़ी का औद्योगिक क्षेत्र और बेहतर कनेक्टिविटी खैरथल-तिजारा को औद्योगिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र बनाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के विकास, आवागमन और प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार पर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने रामजल सेतु लिंक परियोजना में नीमराणा बांध का काम शुरू करने, 45 मीटर मास्टर प्लान सड़क के विकास और तिजारा से फिरोजपुर हरियाणा सीमा तक सड़क सुदृढ़ीकरण की घोषणा की। उन्होंने पीएचईडी के नए अधिशासी अभियंता पद और जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के नए अधिशासी अभियंता कार्यालय की घोषणा भी की।

शर्मा ने कहा कि सरकार ने सहकारिता क्षेत्र में भ्रष्टाचार रोकने और ग्राम पंचायत स्तर तक सहकारी समितियों को सक्रिय करने का काम किया है। उनके अनुसार, करीब 10 लाख नए सदस्य सहकारिता से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में दूध का दैनिक उत्पादन 34 लाख लीटर से बढ़कर 47 लाख लीटर हुआ है।

उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार और कौशल के अवसर बढ़ाने के साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर भी काम किया जा रहा है। उनके अनुसार, एक लाख 90 हजार सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं और एक लाख 22 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। लखपति दीदी योजना के लाभार्थियों की संख्या करीब 11 लाख से बढ़कर 19 लाख हुई है। उन्होंने बताया कि 57 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों को जोड़ा गया है और उन्हें 928 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में पानी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए रामजल सेतु लिंक, यमुना जल, नर्मदा और किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना से जुड़े समझौते हुए हैं। जल जीवन मिशन के तहत 15 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराने का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली देने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 10 हजार किलोमीटर मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण किया गया है। 327 अटल प्रगति पथों के लिए 813 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिनमें से 282 कार्य पूरे हो चुके हैं। दिल्ली-हरियाणा क्षेत्र से प्रस्तावित आरआरटीएस को बहरोड़ तक और आगे कोटपूतली तक विस्तारित करने की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है।

कार्यक्रम में 72 विकास कार्यों का शिलान्यास और 23 कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें सड़क, शिक्षा, पुस्तकालय, पार्क, गौशाला, किसान सेवा केंद्र और खेल मैदान से जुड़े कार्य शामिल हैं।

केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि खैरथल क्षेत्र में जिला मुख्यालय, मेडिकल कॉलेज, स्टेडियम और बस स्टैंड जैसी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए काम किया जा रहा है। वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार की बजट घोषणाओं के तहत विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में विधायक महंत बालकनाथ, सुखवंत सिंह, कुलदीप धनकड़, हंसराज पटेल, देवी सिंह शेखावत, अलवर महापौर सुमनलता अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story