कायस्थ समाज के स्नेह मिलन कार्यक्रम में प्रतिभाओं का सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
कायस्थ समाज के स्नेह मिलन कार्यक्रम में प्रतिभाओं का सम्मान


जोधपुर, 16 नवम्बर (हि.स.)। कायस्थ कल्याण समिति जोधपुर की ओर से दीपावली स्नेह मिलन समारोह हर्षोल्लास एवं पारिवारिक सौहार्द के वातावरण में आयोजित किया गया।

समारोह का शुभारंभ भगवान चित्रगुप्त महाराज के पूजन एवं आरती के साथ हुआ। इस अवसर पर समाजबंधुओं ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक एकजुटता, आपसी सद्भाव और संगठन की मजबूती का संकल्प लिया। समिति अध्यक्ष डॉ पीयूष सक्सेना ने सभी का स्वागत करते हुए समिति के कार्यों के बारे मेें विस्तार से बताया। कार्यक्रम के दौरान पिछले एक वर्ष में दिवंगत हुए कायस्थ समाज के सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके प्रति संवेदनाएं व्यक्त की गईं। नवपरिवार परिचय कार्यक्रम के माध्यम से समाज के नए परिवारों का परिचय करवाया गया। समारोह में 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का आलोक सक्सेना की ओर से सम्मान किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्गीय सावित्री देवी श्रीवास्तव एवं स्वर्गीय द्रोपदी सक्सेना स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया।

इस क्रम में कक्षा 12वीं के पार्थ निगम एवं वंशिका सक्सेना तथा कक्षा 10वीं के सात्विक श्रीवास्तव एवं अभिनव श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया। ये सम्मान राजेश श्रीवास्तव एवं डॉ. मंजू सक्सेना की ओर से प्रदान किए गए। वहीं नीट पीजी में सफलता अर्जित करने पर डॉ. शशांक सक्सेना को विशेष शैक्षणिक उपलब्धि सम्मान प्रदान किया गया। युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्वर्गीय गुरुप्रसाद सक्सेना एवं स्नेहप्रभा सक्सेना स्मृति कायस्थ युवा प्रतिभा सम्मान पार्थ निगम को नीट यूजी में सफलता प्राप्त करने पर डॉ पीयूष सक्सेना और मृदुला सक्सेना द्वारा प्रदान किया गया। विशिष्ट प्रतिभा सम्मान के तहत डॉ. मनोज कुलश्रेष्ठ की ओर से साहित्यिक उपलब्धियों के लिए सरिता श्रीवास्तव तथा संगीत के क्षेत्र में उपलब्धियों के लिए शिवांश सक्सेना को सम्मानित किया गया।

समिति सचिव अजय अस्थाना ने स्वर्गीय सुधा भटनागर स्मृति भवन के अब तक के निर्माण से अवगत करवाया। भवन के लिए भूखण्ड प्रदान करने पर लक्ष्मी नारायण भटनागर का विशिष्ट सम्मान किया गया।

भगवान चित्रगुप्त जयंती के अवसर पर आयोजित शोभायात्रा में सहयोग एवं सहभागिता निभाने वाले सदस्यों को आशीष श्रीवास्तव की ओर से सम्मानित किया गया। समारोह का मुख्य आकर्षण स्वर्गीय सुधा भटनागर स्मृति भवन का 3-डी एनीमेशन वॉक-थ्रू वीडियो रहा, जिसका निर्माण सिल्वर कैनवास के अविरल सक्सेना द्वारा किया गया। कोषाध्यक्ष मिलन श्रीवास्तव ने समिति का वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।

समारोह में कपिल सक्सेना के संयोजन में लक्की ड्रॉ का आयोजन किया गया, जिसमें कूपन के माध्यम से चयनित तीन भाग्यशाली सदस्यों को गिफ्ट हैम्पर प्रदान किए गए। समारोह का संचालन आलोक सक्सेना और एल एन भटनागर ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778107 Articles

Share this story