यूजीसी के नियमों के विरोध में करणी सेना ने सांसद आवास के बाहर नारेबाजी कर किया विरोध—प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
यूजीसी के नियमों के विरोध में करणी सेना ने सांसद आवास के बाहर नारेबाजी कर किया विरोध—प्रदर्शन


जयपुर, 22 मार्च (हि.स.)। यूजीसी के नियमों के विरोध में राजपूत करणी सेना ने रविवार को जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह के खातीपुरा स्थित आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने खातीपुरा से सांसद आवास तक रैली निकालकर नारेबाजी की और अपनी नाराजगी जताई।

प्रदर्शन के दौरान करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने सांसद की यूजीसी बिल पर चुप्पी के विरोध में काले कपड़े लहराए। साथ ही नियमों को वापस लेने की मांग को लेकर आवास के बाहर और सांसद के नाम के होर्डिंग्स पर पोस्टर चिपकाए गए।

करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने “राव साहब मुर्दाबाद” और “राव साहब नींद से जागो, विरोध करो” जैसे नारे लगाए। इस दौरान सांसद राव राजेंद्र सिंह आवास पर मौजूद नहीं थे, बावजूद इसके प्रदर्शन जारी रहा।

करणी सेना के प्रधान संरक्षक शेर सिंह कालवी ने कहा कि वे सांसद से बच्चों के हित में आवाज उठाने की मांग करने आए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सांसद जल्द ही इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं करते हैं, तो विरोध लगातार जारी रहेगा।

प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष नारायण सिंह दिवराला, महेंद्र सिंह प्रयागपुरा, हेम सिंह बाड़मेर, पार्षद अरविंद कुलवाल, राजेंद्र सिंह शेखावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story