ज्येष्ठ पूर्णिमा पर मंदिरों में विशेष आयोजन, गोविंद देवजी मंदिर में जेष्ठाभिषेक महोत्सव संपन्न
जयपुर, 29 जून (हि.स.)। ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार को राजधानी के विभिन्न मंदिरों में विशेष धार्मिक आयोजन हुए। श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर पूजा-अर्चना की तथा मंदिरों में दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस अवसर पर जयनिवास बाग स्थित ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देवजी महाराज में द्वितीय ज्येष्ठ शुक्ल स्नान पूर्णिमा के उपलक्ष्य में जेष्ठाभिषेक महोत्सव श्रद्धा एवं वैदिक परंपराओं के साथ मनाया गया।
महोत्सव का आयोजन श्रीमन्माध्व गौड़ेश्वर आचार्य महंत श्री अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में हुआ। इस दौरान वेदपाठी ब्राह्मणों के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच ठाकुर श्री गोविंद देवजी का पंचामृत से अभिषेक किया गया। अभिषेक के बाद ठाकुरजी को श्वेत वस्त्र धारण कराए गए तथा प्राकृतिक एवं सुगंधित पुष्पों से विशेष श्रृंगार किया गया।
जेष्ठाभिषेक महोत्सव के तहत आयोजित राजभोग झांकी में श्रद्धालुओं ने ठाकुर श्रीजी एवं राधारानी के विशेष दर्शन किए। इस अवसर पर दोनों के करकमलों में स्वर्ण पिचकारी सुशोभित की गई। ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए ठाकुरजी को खरबूजा, तरबूज, आमरस, ठंडाई, सिकरान पूड़ी, मटरी, कचौड़ी तथा अन्य ऋतुजन्य प्रसाद का भोग अर्पित किया गया।
राजभोग के उपरांत श्रद्धालुओं को कमलाकर सिंहासन पर विराजमान ठाकुर श्री गोविंद देवजी और राधारानी के परस्पर पंचामृत अभिषेक के दुर्लभ दर्शन कराए गए। पांच वेदपाठी ब्राह्मणों के मंत्रोच्चारण के मध्य संपन्न हुए इस जुगल अभिषेक के बाद महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
इसी क्रम में सुभाष चौक स्थित पानों का दरीबा क्षेत्र के श्री सरस निकुंज में श्री शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में ठाकुर राधा सरस बिहारी सरकार का अभिषेक किया गया। ठाकुरजी को धवल पोशाक धारण कराकर श्वेत पुष्पों से श्रृंगारित किया गया तथा खीर सहित विभिन्न धवल भोग अर्पित किए गए। चौड़ा रास्ता स्थित राधा दामोदरजी मंदिर, पुरानी बस्ती के गोपीनाथजी मंदिर तथा रामगंज बाजार स्थित लाड़लीजी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया गया। मानसरोवर स्थित गिरिधारी दाऊजी मंदिर में भगवान जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा की स्नान यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गलताजी सहित 108 पवित्र तीर्थों के जल से भगवान का महाअभिषेक किया गया।
इस्कॉन जयपुर के मंदिर अध्यक्ष पंचरत्न प्रभु के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में वैष्णव भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महोत्सव के दौरान संध्या आरती, स्नान लीला, ज्वर लीला तथा गुंडिचा मार्जन लीला की कथाओं का श्रवण कराया गया। कार्यक्रम के अंत में भगवान के विशेष गजवेश दर्शन कराए गए, जिनके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

