ईद मिलादुन्नबी पर जुलूस-ए-मोहम्मदी में उमड़ेगा आस्था का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
ईद मिलादुन्नबी पर जुलूस-ए-मोहम्मदी में उमड़ेगा आस्था का सैलाब


ईद मिलादुन्नबी पर जुलूस-ए-मोहम्मदी में उमड़ेगा आस्था का सैलाब


जयपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की यौमे पैदाइश के मौके पर जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी यानी बारावफात बुधवार को जयपुर में पूरी अकीदत और एहतराम के साथ मनाई जाएगी। इस मौके पर शहरभर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ जलसे आयोजित होंगे और जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। पुराने शहर में अलग-अलग इलाकों से निकलने वाले जुलूस एक साथ शामिल होकर आगे बढ़ेंगे।

जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के तहत बुधवार को दोपहर को घाटगेट से जुलूस-ए-मोहम्मदी रवाना होगा। जुलूस मुफ्ती अब्दुस्सत्तार रजवी की सरपरस्ती में निकलेगा। जुलूस में शामिल होने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोग चार दरवाजा स्थित मौलाना जियाउद्दीन सर्किल पर एकत्र होंगे। यहां से जुलूस सुभाष चौक, जोरावर सिंह गेट और रामगढ़ मोड़ होते हुए करबला पहुंचेगा। यहां रात करीब 8 बजे तक बड़ी सभा आयोजित होगी।

वहीं जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल होंगे। जुलूस की खास बात यह होगी कि इसमें हाथी, ऊंट और घोड़े भी शामिल होंगे। विभिन्न इलाकों से आने वाले जुलूस पुराने शहर में एक-दूसरे से मिलते हुए मुख्य जुलूस का हिस्सा बनेंगे। जुलूस के दौरान पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शख्सियत, उनके जीवन और उनके पैगाम के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी।

इसके अलावा ईद मिलादुन्नबी के मौके पर शहर की मस्जिदों और मुस्लिम बाहुल्य मोहल्लों में जलसे आयोजित किए जाएंगे। धार्मिक विद्वान पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन, शिक्षाओं और उनके बताए इंसानियत, भाईचारे और प्रेम के संदेश पर रोशनी डालेंगे। जुलूस के करबला पहुंचने के बाद विशाल सभा होगी। यहां सलातो-सलाम और दुआ के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।

जुलूस के दौरान जयपुर की गंगा-जमुनी तहजीब की तस्वीर भी देखने को मिलेगी। हर वर्ष की तरह इस बार भी हिंदू समाज और व्यापारियों की ओर से जुलूस का स्वागत किए जाने की तैयारी है। विभिन्न स्थानों पर जुलूस पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा। इससे आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया जाएगा।

जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुराने शहर और जुलूस मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। यातायात पुलिस ने भी जुलूस के दौरान वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित रखने के लिए विशेष यातायात व्यवस्था की है। जुलूस मार्ग पर आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्ट किया जाएगा, ताकि आमजन को परेशानी न हो और जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story