शहर में श्याम बाबा की 500 मूर्तियों का सामूहिक पूजन : प्राण प्रतिष्ठा के बाद भक्तों में की वितरित

WhatsApp Channel Join Now
शहर में श्याम बाबा की 500 मूर्तियों का सामूहिक पूजन : प्राण प्रतिष्ठा के बाद भक्तों में की वितरित


जोधपुर, 19 मार्च (हि.स.)। नवरात्र के प्रथम दिन श्याम भक्ति सेवा संस्थान द्वारा अध्यक्ष मोनिका प्रजापत की देखरेख में गीता भवन में एक साथ श्याम बाबा की 500 मूर्तियों का सामूहिक पूजन किया गया। प्राण प्रतिष्ठा के बाद इन मूर्तियों को भक्तों में वितरण किया गया।

आयोजन समिति के अध्यक्ष ईश्वर सिंह उदावत और श्याम भक्ति सेवा संस्थान के कार्यवाहक सचिव हेमंत लालवानी ने बताया कि संस्थान द्वारा इससे पहले 100 मंदिरों में 100 श्याम बाबा की मूर्तियां स्थापित की जा चुकी हैं, वहीं इस बार 500 भक्तों को प्राण प्रतिष्ठा के साथ यह मूर्तियां प्रदान की गईं। श्याम भक्त नाचते गाते श्याम बाबा को अपने घर पर ले गये और अपने अपने घरों में स्थापित किया।

कार्यक्रम में न्यायाधीश विनीत माथुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि बीएसएफ राजस्थान सीमांत मुख्यालय के आईजी एमएल गर्ग और एनसीबी के जोनल डायरेक्टर घनश्याम सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। संत सोमेश्वर गिरी महाराज, अचलानंद गिरी महाराज और मदन दास महाराज के सानिध्य में आयोजित इस समारोह में बीएसएफ के जॉज बैंड ने श्याम भक्ति के मधुर तराने प्रस्तुत किए। श्री गीता प्रचार मंडल के अध्यक्ष प्रहलाद गोयल और सचिव राजेश लोढ़ा की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में शास्त्री मोहित दाधीच और उनकी टीम ने विधि विधान से मंत्र उच्चारण के साथ संगीतमय भजनों के साथ संपन्न करवाया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story