अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस : शहर भर में हुए कई कार्यक्रम, महिलाओं का किया सम्मान
जोधपुर, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रविवार को शहर में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं के क्लब और संस्थाओं की ओर से सेवा कार्य करने के साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान किया गया। इसके साथ ही कई तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम, रैली, संगोष्ठी, एवं खेलकूद सहित विविध आयोजन हुए।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बालिकाओं एवं महिलाओं के सर्वागीण विकास एवं सशक्तिकरण हेतु कार्यक्रमों के क्रम में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में जिला स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल द्वारा की गई।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं से जुड़ी महिलाओं को सम्मानित किया गया। महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक फरसाराम विश्नोई ने बताया कि इस अवसर पर बालिकाओं के जन्म को प्रोत्साहित करने तथा समाज में सकारात्मक संदेश देने के उद्देश्य से महिला अधिकारिता विभाग द्वारा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जन्मोत्सव कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
समारोह में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल द्वारा पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान योजना-2026 के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली मानदेयकर्मी साथिन एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान हनुमानगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का सीधा प्रसारण एलईडी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
इंडियन सोसाइटी ऑफ एनेस्थेसियोलॉजिस्ट्स की जोधपुर सिटी ब्रांच ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राजस्थान सोसाइटी ऑफ एनेस्थेसियोलॉजी के बैनर तले एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का आयोजन अशोक उद्यान में किया गया, जिसका मुख्य विषय साड़ीथॉन रखा गया। इस अनोखी पहल में महिला चिकित्सकों और प्रतिभागियों ने पारंपरिक साड़ी पहनकर स्वास्थ्य जागरूकता और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
इस अवसर पर राजस्थान सोसाइटी ऑफ एनेस्थेसियोलॉजिस्ट्स के अध्यक्ष डॉ. मनोज कमल, उपाध्यक्ष डॉ. गीता सिंगारिया तथा जोधपुर सिटी ब्रांच के अध्यक्ष डॉ. विकास राजपुरोहित, सचिव डॉ. शिखा सोनी, कोषाध्यक्ष डॉ. स्वाति छाबड़ा और डॉ. प्रमिला सोनी की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान आमजन को आपातकालीन स्थिति में जीवन रक्षक उपायों की जानकारी भी दी गई।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर संभली ट्रस्ट जोधपुर द्वारा महिलाओं की गरिमा, समानता और शिक्षा के महत्व को समाज तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में विभिन्न धर्मों और समुदायों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और एकजुटता, सम्मान तथा महिला सशक्तिकरण का प्रेरणादायक संदेश दिया। इस जागरूकता रैली को डीसीपी ईस्ट पीडी नित्या, आरपीएस प्रेम धणदे, संभली यूएस की शिरीन अरेंट तथा संभली ट्रस्ट की मैनेजिंग ट्रस्टी श्यामा तनवर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
श्री महालक्ष्मी शिक्षण संस्थान द्वारा महिला दिवस के उपलक्ष में महिला सशक्तीकरण को बढावा देने के उद्देश्य से वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारम्भ प्रतापनगर स्थित संस्थान प्रांगण से अध्यक्ष अनिल धूत, मानद सचिव मनीष राठी, कोषाध्यक्ष आशेन्द्र सोनी द्वारा फीता काटकर किया गया। यह रैली प्रतापनगर से होती हुई कमला नेहरू नगर, मसूरिया, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड, इत्यादि क्षेत्रों से पुन: संस्थान प्रांगण में आकर समपन्न हुई। कार्यक्रम का संयोजन कॉलेज प्राचार्या डॉ. ज्योत्सना व्यास, एलडीएम प्राचार्या नीता तापडिय़ा एवं हिन्दी माध्यम की प्राचार्या डॉ. दीपिका व्यास ने किया।
मथुरादास माथुर अस्पताल में विश्व महिला दिवस मनाया गया जिसमें नव जन्मी बालिकाओं को स्वास्थ्य किट और पौधा भेंट किया गया एवं शुभकामनाएं दी गई। इस अवसर पर डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ बीएस जोधा ने परिवारों को बधाई दी। कार्यकम में अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित, डॉ.बसंती चौहान, आशीष मीणा, सुमेर सिंह आदि उपस्थित रहे
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

