वंदे भारत के बाद जोधपुर को मिलेगी एक और हाई स्पीड ट्रेन

WhatsApp Channel Join Now
वंदे भारत के बाद जोधपुर को मिलेगी एक और हाई स्पीड ट्रेन


जोधपुर से मऊ के बीच चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस 3.0, दिवाली से पहले संचालन की तैयारी

जोधपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। जोधपुर से अमृत भारत एक्सप्रेस 3.0 की तैयारी हो रही है। इसके लिए मंगलवार रात को चेन्नई से एक रैक पहुंच गया है। इस ट्रेन का संचालन जोधपुर से मऊ के बीच वीकली स्पेशल के रूप में किया जाएगा। एक रैक और अगले दिनों में जोधपुर पहुंचेगा। इस रैक में 22 कोच हैं। वंदे भारत के बाद जोधपुर के लोगों को अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में हाई स्पीड ट्रेन मिलेगी। फिलहाल दो मार्गों पर वंदे भारत का संचालन हो रहा है।

जानकारी के अनुसार ट्रेन का संचालन दिवाली से पहले किया जाएगा। रेलवे बोर्ड ने इस वर्ष मार्च में ही जोधपुर से मऊ के बीच चलने वाली ट्रेन को अमृत भारत में परिवर्तित कर वीकली स्पेशल के रूप में चलाने की मंजूरी दी थी। यह ट्रेन जोधपुर से जयपुर, कानपुर होते हुए चलेगी। इसका नंबर 14809 और 14810 होगा। इसमें 10 एसी कोच होंगे। दो साल पहले जोधपुर से गोरखपुर के लिए अमृत भारत ट्रेन चलाने की घोषणा हुई थी, जो नहीं चली थी।

यहां होगा ठहराव

आते और जाते समय यह ट्रेन पीपाड़ रोड, गोटन, मेड़ता रोड, रेन, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी, नावा सिटी, फुलेरा, जयपुर, गांधीनगर, बांदीकुई, मंडावर महवा रोड, खेड़ली, नदबई, भरतपुर, मथुरा, हाथरस सिटी, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, अयोध्या, अयोध्या कैंट, शाहगंज, खुरासान रोड, आजमगढ़ और मुहम्मदाबाद में रुकेगी।

यह सुविधाएं होंगी

अमृत भारत 3.0 में झटके कम लगेंगे, इसके लिए सेमी-कपल्ड और सस्पेंशन तकनीक का उपयोग किया गया है। इससे ट्रेन के रुकने या चलने पर झटके महसूस नहीं होंगे। हर कोच में मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, फोल्डेबल स्नैक टेबल, बोतल होल्डर और आरामदायक सीटें व बर्थ हैं। इंटीरियर आकर्षक है। स्वच्छ बायो-वैक्यूम शौचालय हैं। सुरक्षा के लिए हर डिब्बे में सीसीटीवी है, गार्ड कोच में सुरक्षा निगरानी प्रणाली है। दिव्यांगजनों के लिए विशेष टॉयलेट और चौड़े दरवाजे दिए गए हैं। स्पीड के लिए आगे-पीछे इंजन लगेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story