राजस्थान में सात दिन की देरी से आएगा मानसून

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में सात दिन की देरी से आएगा मानसून


जोधपुर, 24 जून (हि.स.)। राजस्थान में मानसून से पहले ही मौसम ने करवट ले ली है। प्री-मानसून गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं और मौसम विभाग ने प्रदेश के 19 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले 72 घंटों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। हालांकि इस बार राजस्थान में सात दिन की देरी से मानसून आएगा।

मौसम विभाग के मुताबिक मानसून के मुंबई पहुंचने के बाद इसके तेजी से आगे बढऩे के संकेत हैं। संभावना जताई जा रही है कि मानसून आज गुजरात और मध्यप्रदेश पहुंच सकता है, जिसके 3-4 दिन बाद राजस्थान और उत्तर प्रदेश में इसकी एंट्री हो सकती है। हालांकि इस बार राजस्थान में मानसून करीब 7 दिन की देरी से, यानी 30 जून या जुलाई के पहले सप्ताह तक पहुंचने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मानसून के और सक्रिय होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। जून के अंत और जुलाई के पहले सप्ताह में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।

प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून का असर साफ नजर आ रहा है। जयपुर सहित कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है, लेकिन उमस बढऩे से लोग परेशान भी नजर आए। पिछले 24 घंटों में श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर में भी मौसम बदला है।

मौसम विभाग के अनुसार, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, अलवर, डीग, भरतपुर, धौलपुर, दौसा, टोंक, करौली और सवाई माधोपुर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं (30-50 किमी/घंटा) और वज्रपात की संभावना है।

जोधपुर में छाए बादल, उमस से लोग परेशान

जोधपुर शहर में गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। पिछले कुछ दिनों से लगातार मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। शहर में बुधवार सुबह चली हवा की वजह से लोगों को मामूली राहत मिली। हालांकि अब भी तापमान 40 डिग्री तक बना हुआ है। एक दिन पहले 23 जून को अधिकताप तापमान 39.3 डिग्री रहा था। वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास रहा। यहां सुबह से ही बादल छाए रहे। हालांकि मौसम विभाग ने पिछले दिनों आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया था, लेकिन इसका असर देखने को नहीं मिला था। मौसम विभाग के अनुसार कि आने वाले एक सप्ताह तक किसी तरह आंधी-बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि बादल छाए रहेंगे। तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story