शेखावत ने विकास, विरासत और जनसेवा पर दिया जोर
जोधपुर प्रवास पर रहे केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री, मंदिर में की पूजा-अर्चना
जोधपुर, 15 जून (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने अपने जोधपुर प्रवास के दौरान विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं प्रशासनिक कार्यक्रमों में भाग लेते हुए प्रबुद्धजनों से संवाद किया। मंदिरों में दर्शन-पूजन किया तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की।
भारतीय जनता पार्टी के प्रबुद्धजन जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत केंद्रीय मंत्री ने पद्मश्री सम्मानित साहित्यकार शीन काफ निजाम तथा वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अरविंद माथुर के निवास पर आत्मीय भेंट की। उन्होंने उन्हें भव्य-दिव्य-नव्य : विरासत भी, विकास भी पुस्तिका भेंट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के कार्यों तथा विकास योजनाओं की जानकारी दी।
शेखावत ने कहा कि मोदी सरकार ने देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ विकास और जनकल्याण को नई गति प्रदान की है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर एक सशक्त और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में उभर रहा है।
भाजपा जिला अध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री ने कटला बाजार त्रिपोलिया स्थित कुंज बिहारी मंदिर एवं अचलनाथ महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। साथ ही, हनुमान चौक स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में धोक लगाकर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में केंद्रीय मंत्री शेखावत ने जिला प्रशासन के अधिकारियों से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, विकास परियोजनाओं तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शहर में पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शेखावत ने कहा कि डबल इंजन सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है। बैठक से पूर्व उन्होंने सर्किट हाउस में गणमान्य नागरिकों एवं आमजन से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

