समान नागरिक संहिता प्रारूप समिति की जनसुनवाई छह जुलाई से

WhatsApp Channel Join Now
समान नागरिक संहिता प्रारूप समिति की जनसुनवाई छह जुलाई से


जोधपुर, 04 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान समान नागरिक संहिता, 2026 प्रारूप समिति की सदस्य डॉ. शुची चौहान द्वारा जोधपुर संभाग मुख्यालय पर 6 एवं 7 जुलाई को दो दिवसीय जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। जनसुनवाई के माध्यम से विभिन्न वर्गों एवं संगठनों के प्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त किए जाएंगे।

अतिरिक्त संभागीय आयुक्त सुनीता चौधरी ने बताया कि 6 जुलाई को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर, जोधपुर में प्रात: 10.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक जनसुनवाई आयोजित होगी। इसमें सांसद, विधायक, नगर निगम महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, जिला प्रमुख, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि, सामाजिक क्षेत्र में कार्यरत गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि तथा चुनाव आयोग से मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।

जोधपुर संभाग के अन्य जिलों के प्रतिनिधि भी अपने-अपने जिला मुख्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई से जुड़ेंगे। उन्होंने बताया कि 6 जुलाई को ही दोपहर 2 बजे से 3.30 बजे तक जोधपुर एवं फलोदी जिले के लिए तथा दोपहर 3.30 बजे से सायं 5 बजे तक जैसलमेर, बाड़मेर एवं बालोतरा जिलों के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि 7 जुलाई को प्रात: 10.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक पाली, जालोर एवं सिरोही जिलों के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई आयोजित होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story