शिक्षकों का सम्मान, डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षकों का सम्मान, डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि


जोधपुर, 05 सितम्बर (हि.स.)। भारत के महान दार्शनिक, शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती शनिवार को शिक्षक दिवस के रूप में मनाई गई। इस दौरान स्कूल-कॉलेजों सहित कई स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षकों का सम्मान किया गया।

डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय में शिक्षक दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर स्थित संविधान पार्क में स्थापित डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर कुलगुरु प्रोफेसर गोविंद सहाय शुक्ल की उपस्थिति में माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। साथ ही स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर कुलगुरु प्रोफेसर शुक्ल ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए कहा कि डॉ. राधाकृष्णन ने शिक्षा एवं शिक्षक की गरिमा को समाज में विशेष स्थान दिलाया। उनका जीवन एवं विचार आज भी शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के पूर्व कुलसचिव प्रो. गोविंद प्रसाद गुप्ता, उप प्राचार्य प्रो. ए. नीलिमा रेड्डी, प्रो. दिनेश चंद्र शर्मा, उप कुलसचिव डॉ. मनोज अदलखा, प्रो. राजाराम अग्रवाल, डॉ राकेश शर्मा, होम्योपैथी महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. गौरव नागर तथा आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा महाविद्यालयों के विभिन्न विभागाध्यक्ष एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

वहीं शिक्षक दिवस के अवसर पर लायंस क्लब जोधपुर सेंट्रल की ओर से महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय दण्ड झालामंड सर्किल में शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में रीजन चेयरपर्सन जेपी गर्ग, अध्यक्ष हरी अग्रवाल, सचिव हर्ष अग्रवाल, वरिष्ठ सदस्य डीके अग्रवाल, रामजी लाल लीला, सत्यनारायण, विमल श्रीवास्तव, भोला राम अग्रवाल, वीरू राम, किशन बंसल, राजीव गुप्ता, दूली चंद अग्रवाल, जतीन गर्ग एवं केशव अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।

शिक्षक दिवस के उपलक्ष में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सजाडा में कक्षा 12 की छात्रा भावना सुथार ने संस्था प्रधान की भूमिका का निर्वहन करते हुए कहा कि किसी भी परीक्षा में सफल होने के लिए नियमित अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। विद्यार्थियों को अब तक पढ़ाए गए पाठ्यक्रम की जानकारी लेने के साथ ही अनुपस्थित विद्यार्थियों के परिजनों से दूरभाष पर बात करके विद्यार्थियों को नियमित विद्यालय भेजने हेतु आग्रह किया। संस्था प्रधान थाना राम बिश्नोई ने भावना को विद्यालय गतिविधियों के संबंध में मार्गदर्शन देते हुए विद्यालय संचालन में संबलन प्रदान किया।

डायमंड पब्लिक स्कूल सूरसागर में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के डायरेक्टर शाहरुख़ खान और स्कूल के प्रधानाचार्य जावेद द्वारा डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर स्कूल के छात्र-छात्राओं ने गुरुओं के सम्मान में कई रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

शिक्षक दिवस के अवसर पर लायंस क्लब ईस्ट द्वारा जोधपुर शहर की विभिन्न स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों और शिक्षा अधिकारियों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम प्रेरक और वरिष्ठ अध्यापक ललित जुगतावत ने बताया कि एयरफोर्स स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय व्यास कॉलोनी में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डॉ. कंचन चारण किसान कन्या, प्रधानाचार्य शशि चौधरी सेवाला(धवा), प्रधानाचार्य सूर्यकिरण बासनी तंबोलिया, डॉ. सोनू सांखला उप प्रधानाचार्य भटिया नाडी, तुलसीराम गुर्जर प्रधानाध्यापक व्यास कॉलोनी, महिपाल जुगतावत, वरिष्ठ अध्यापक कालीबेरी, महेश भानावत अध्यापक विनायकिया, ललिता सिंघल अध्यापिका व्यास कॉलोनी, संजय सहाय अध्यापक रावटी विद्यालय और श्वेता ठाकोर अध्यापिका तपी बावड़ी का श्रीफल, मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र के साथ साफा, शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जोधपुर सीबीईओ प्रथम चंद्र शेखर दवे द्वारा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story