एसआई भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन भी रही कड़ी सख्ती

WhatsApp Channel Join Now
एसआई भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन भी रही कड़ी सख्ती


जयपुर/जोधपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की ओर से इस साल की सबसे बड़ी परीक्षाओं में शुमार उपनिरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर भर्ती (एसआई भर्ती) परीक्षा आज दूसरे दिन शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। सोमवार को भी परीक्षा दो पारियों सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक तथा द्वितीय सत्र दोपहर 03 बजे से सांय 05 बजे तक में हुई। एसआई भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन भी सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता रहे। ड्रेस कोड का पालन करने वालों को ही प्रवेश दिया गया। जूते-जेवर पहनकर आने वालों से उतरवाए गए। लेट पहुंचने वालों को प्रवेश नहीं दिया गया।

एसआई भर्ती परीक्षा के लिए परीक्षा केन्द्रों पर पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे। थ्री लेयर चैकिंग के बाद में ही परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्रों के भीतर प्रवेश दिया गया। ड्रेस कोड की पालना में परीक्षार्थियों के जूते उतरवाए गए। इसके अलावा महिलाओं के आभूषण खुलवाए गए। हाथों व गले में पहने धागे भी काटे गए। कई अभ्यर्थी पूरी आस्तीन का शर्ट पहनकर परीक्षा देने पहुंचे तो कैंची से उनके शर्ट की आस्तीन काटी गई। परीक्षा केन्द्रों के बाहर कुछ अभ्यर्थी पुलिस वालों से बहस भी करते नजर आए।

पहली पारी के लिए सुबह दस बजते ही एंट्री गेट बंद कर दिए गए। इसके बाद में अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया गया। परीक्षा समन्वयक एवं एडीएम प्रथम अंजुम ताहिर सम्मा ने बताया कि एसआई भर्ती परीक्षा का जोधपुर के 111 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजन हुआ। परीक्षा केन्द्रों के करीब 100 मीटर दायरे में इंटरनेट पर पाबंदी रही।

परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक एवं समन्वित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी निरंतर फील्ड में सक्रिय रहे तथा सभी परीक्षा केन्द्रों पर सघन निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story