ग्रामीण सेवा शिविर बना जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी माध्यम

WhatsApp Channel Join Now
ग्रामीण सेवा शिविर बना जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी माध्यम


जोधपुर, 12 जून (हि.स.)। पंचायत समिति चामू की ग्राम पंचायत प्रह्लादपुरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीणों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रभावी मंच साबित हुआ। शिविर में किसानों को कृषि एवं सहकारिता विभाग की योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया, जिससे उनके कृषि कार्यों को नई गति मिली है।

ग्राम पंचायत प्रहलादपुरा निवासी इन्द्रा देवी पत्नी रूपाराम ने बताया कि उन्होंने कृषि विभाग की खेत तलाई योजना के तहत आवेदन किया था। वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृति मिलने के बाद खेत तलाई का निर्माण करवाया, जिस पर उन्हें 1 लाख 20 हजार रुपए का अनुदान प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि खेत तलाई में वर्षा एवं अतिरिक्त जल का संग्रहण होने से सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध रहता है।

इस पानी का उपयोग ड्रिप एवं फव्वारा सिंचाई पद्धति से किया जा रहा है, जिससे सिंचाई लागत में कमी आई है तथा फसल उत्पादन में वृद्धि हुई है। वहीं ग्राम पंचायत प्रहलादपुरा के किसान रूपाराम पुत्र जीयाराम को ग्रामीण सेवा शिविर में ब्याज मुक्त फसली ऋण योजना के तहत 62 हजार 700 रुपये की ऋण राशि का लाभ प्रदान किया गया। शिविर के दौरान किसान मांगीलाल पुत्र कुंभाराम को खरीफ फसल के लिए इफको नैनो डीएपी एवं इफको नैनो यूरिया (500 मिलीलीटर) की बोतलों का वितरण किया गया।

मांगीलाल ने बताया कि वे नैनो यूरिया का उपयोग बाजरे की फसल में स्प्रे के रूप में करेंगे, जिससे फसल की वृद्धि एवं पैदावार में बढ़ोतरी होने की संभावना है। ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने टीबी उन्मूलन की शपथ लेकर जन-जागरूकता एवं जनभागीदारी के माध्यम से अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story