जोधपुर रेल मंडल को हुई 2625 करोड रुपए की आय

WhatsApp Channel Join Now
जोधपुर रेल मंडल को हुई 2625 करोड रुपए की आय


जोधपुर, 02 अपै्रल (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 2625 करोड रुपए का राजस्व अर्जित किया है जो गत वित्तीय वर्ष 2024-25 से नौ प्रतिशत ज्यादा है इसके अंतर्गत 1428 करोड रुपए मालभाड़ा, 940 करोड रुपए यात्री आय, 257 करोड रुपए अन्य मदों से अर्जित किया गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर रेल मंडल में आज वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान किए गए कार्यों, पूर्ण हुई प्रमुख परियोजनाओं तथा आगामी योजनाओं के संबंध में मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। मंंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जोधपुर मंडल ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इस दौरान राजस्व अर्जन, माल परिवहन, यात्री सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा उन्नयन तथा आधारभूत संरचना विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण किए गए हैं।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत कई स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य पूरा किया गया, वहीं ट्रैक नवीनीकरण, विद्युतीकरण, स्वचालित सिग्नलिंग तथा डिजिटल सेवाओं के विस्तार से रेल संचालन को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाया गया है। मंडल में पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा दक्षता के क्षेत्र में भी सराहनीय कार्य किए गए हैं, जिनमें सोलर ऊर्जा का उपयोग, ऊर्जा बचत उपाय तथा आईएसओ प्रमाणन जैसी उपलब्धियां शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, यात्री सुविधाओं में वृद्धि हेतु नई ट्रेनों का संचालन, स्टेशन उन्नयन, लिफ्ट एवं आधुनिक सुविधाओं की स्थापना जैसे कार्य भी किए गए हैं।

उन्होंने भविष्य की प्रमुख परियोजनाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि भगत की कोठी मेगा रेलवे हब, वंदे भारत स्लीपर डिपो एवं ट्रेनिंग सेंटर, अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत शेष स्टेशनों का पुनर्विकास, नई रेल लाइनों का निर्माण, डबलिंग कार्य तथा कवच सुरक्षा प्रणाली जैसे कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट प्रगति पर हैं, जो आने वाले समय में क्षेत्र की रेल सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करेंगे। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक करनीराम, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव सहित मंडल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story